आगरालीक्स…मुड़िया पूर्णिमा पर गोवर्धन में उमड़ी आस्था का असंख्य सैलाब. गिरिराज जी के जयकारों से गूंज उठा ब्रज…
मुड़िया पूर्णिमा पर आज गोवर्धन में लाखों की तादाद में भक्तों ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा लगाई और उनके दर्शन किए. यूं तो गोवर्धन मेला 8 जुलाई से ही शुरू हो गया था लेकिन आज मुड़िया पूर्णिमा को लेकर मंगलवार रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना मथुरा में शुरू हो गया. मथुरा का रेलवे स्टेशन हो या फिर बस स्टैंड हर ओर श्रद्धालु ही श्रद्धालु दिखाई दिए. यहां से लोग बसों द्वारा गोवर्धन के लिए पहुंचे. परिवहन विभाग द्वारा कई डिपो की बसें गोवर्धन के लिए लगाई गई हैं, जिससे कि लोगों को कोई परेशानी का सामना न करना पड़े. मंगलवार रात से ही श्रद्धालुओं का गोवर्धन पहुंचना शुरू हो गया. दानघाटी से श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज की परिक्रमा शुरू की. बच्चे हों या फिर बूढ़े या फिर जवान हर कोई गिरिराज जी के जयकारे लगाता हुआ परिक्रमा लगाता हुआ दिखाई दिया. गिरिराज जी के जयकारों की आवाज इतनी अधिक थी कि मानो पूजा ब्रज ही गुंजायमान हो उठा हो.

पुलिस की रही चौकस व्यवस्था
गोवर्धन परिक्रमा को लेकर पुलिस प्रशासन की काफी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही. श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसको लेकर भी ध्यान रखा जा रहा था. इस दौरान मेले में असमाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर रही.