आगरालीक्स ….आगरा नगर निगम के दो वार्ड खत्म, दो नए वार्ड जोड़े गए। 19 वार्डों की सीमा में किया गया बदलाव।
इस साल आगरा नगर निगम के चुनाव होने हैं। इसके लिए नगर निगम के वार्डों का परिसीमन किया गया। परिसीमन के बाद 15 जुलाई तक आपत्ति मांगी गई थी, 24 आपत्ति आई। नगर निगम के दो वार्ड खत्म कर दिए गए इनकी जगह दो नए वार्ड बनाए गए हैं।
दो वार्ड किए गए खत्म
नगर निगम के 100 वार्ड हैं, परिसीमन के बाद भी वार्ड की संख्या 100 ही रहेगी। लेकिन महर्षिपुरम वार्ड और शाहगंज क्षेत्र के प्रकाश नगर वार्ड खत्म कर दिए गए हैं। प्रकाश नगर नाम से यमुना पार में भी एक वार्ड है। प्रकाश नगर वार्ड में शाहगंज से सटे इलाके आते हैं, इन्हें लोहामंडी से जोड़ दिया गया है। इसी तरह महर्षिपुरम वार्ड को खत्म कर दिया गया है। शास्त्रीपुरम, यूपीएसआईडीसी का नया क्षेत्र दहतोरा वार्ड के नाम से जाना जाएगा। इसी तरह से केके नगर नया वार्ड बनाया गया है।

19 वार्डों का सीमा विस्तार
इसी तरह से नगर निगम की सीमा बढ़ाई गई है। यूपीएसआईडीसी साइट,गोबर चौकी, फतेहाबाद रोड के आंशिक कलाल खेरिया, नगला मेबाती, कहरई, इंदरापुरम क्षेत्र को जोड़ा गया है।
आपत्तियों का होगा निस्तारण
नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे ने बताया कि 24 आपत्तियां आई हैं, इनका निस्तारण किया जाएगा इसके बाद शासन को परिसीमन की अंतिम रिपोर्ट भेजी जाएगी।