आगरालीक्स ….आगरा में दो साल बाद राम बारात और जनक पुरी का आयोजन, तिथि की गई घोषित, जानें कहां सज सकती है इस बार जनकपुरी।
आगरा में हर साल रामबारात और जनकपुरी का आयोजन किया जाता है लेकिन कोरोना के दो सालों में 2020 और 2021 में राम बारात और जनकपुरी का आयोजन नहीं हुआ। अब कोरोना की रोकथाम हो गई है। इस बार राम बारात के साथ ही जनक पुरी का भी आयोजन किया जाएगा, इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है।

21 को राम बारात और जनकपुरी आयोजन
इस साल 21 सितंबर को राम बारात का आयोजन किया जाएगा, श्री मनकामेश्वर मंदिर से शुरू होकर राम बारात पुराने शहर में होते हुए जनकपुरी तक पहुंचेगी। वहीं, जनकपुरी का आयोजन 21 से 23 सितंबर तक किया जाएगा। इसे लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने श्री राम लीला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की।
जनकपुरी के लिए की जा रही दावेदारी
हर साल अलग अलग क्षेत्र में जनकपुरी का आयोजन किया जाता है। इससे उस क्षेत्र में विकास कार्य होते हैं, साथ ही उस क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्ति को राजा जनक और सुनैना बनने का अवसर मिलता है। इस बार आवास विकास कॉलोनी, दयालबाग, कमला नगर, नेहरू नगर में जनकपुरी सजाने के लिए दावेदारी की गई है। इसी सप्ताह जनकपुरी स्थल का चुनाव किया जाएगा।