आगरालीक्स…आगरा में दर्दनाक हादसा. रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से बाइक सवार पति—पत्नी की मौत. बेटा घायल…
आगरा में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया. रेलवे फाटक को क्रॉस करते समय ट्रेन की चपेट में आने से बाइक सवार पति—पत्नी की मौत हो गई जबकि उनका बेटा बुरी तरह से घायल हो गया. हादसा फतेहपुर सीकरी में इस्लामगंज रेलवे फाटक के पास हुआ है. महिला की जहां मौके पर मौत हो गई तो वहीं अस्पताल में उसके पति ने दम तोड़ दिया. मौके पर पहुंची पुलिस.

जियारत एक्सप्रेस की चपेट में आई बाइक
हादसा फतेहपुर सीकरी में इस्लामगंज रेलवे फाटक के पास का है. भरतपुर के रूपवास तहसील में क्षत्रिय पुरा के रहने वाले महेंद्र सिंह पत्नी को लेकर फतेहपुर सीकरी में ट्यूशन पढ़ाने वाले अपने बेटे रवेंद्र के पास आए थे. आज तीनों 11 बजे बाइक से घर जा रहे थे. स्टेशन की ओर रेलवे लाइन के किनारे से जाते समय इनकी बाइक गिट्टियों के कारण फिसल गई, जिससे ये तीनों ट्रैक के पास बाइक समेत गिर गए. उसी समय आगरा से बयाना की ओर जा रही जियारत एक्सप्रेस की चपेट में ये तीनों आ गए. हादसे में 55 वर्षीय महिला बतसिया की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 58 वर्षीय महेंद्र सिंह और उनका बेटा 30 वर्षीय रवेंद्र घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पिता पुत्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी पहुंचाया जहां से दोनों को एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. एसएन में उपचार के दौरान महेंद्र सिंह की मौत हो गई.