आगरालीक्स…आगरा में मनचले युवक के कारण दहशत में छात्रा. कॉलेज आते जाते समय करता है परेशान. मां ने थाने पहुंचकर कार्रवाई करने की मांग की…
आगरा में एक छात्रा को क्षेत्र का ही एक मनचला युवक परेशान कर रहा हे. वह कॉलेज आते-जाते समय छात्रा का रास्ता रोकता है और उस पर दोस्ती करने का दबाव बना रहा है. दोस्ती न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी है जिसके कारण छात्रा दहशत में है. छात्रा की मां ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ित मां आरोपी के खिलाफ पहले भी एसएसपी के माध्यम से शिकायत कर चुकी है लेकिन बताया जाता है कि कोई कार्रवाई नहीं की गई.

थाना शाहगंज में शिकायत लेकर पहुंची महिला ने बताया कि उसने दो साल पहले शाहगंज क्षेत्र में मकान खरीदा था. नए मकान में रहने पर पता चला कि यहां मनचलों का जमघट लगा रहता है. उनकी एक 17 साल की बेटी को कॉलेज आते जाते समय एक युवक पिछले एक साल से परेशान कर रहा है. वह लगातार उनकी बेटी का पीछा करता है और कॉलेज के गेट पर खड़ा हो जाता है. रास्ते में रोककर दोस्ती करने का दबाव भी बनाता है. छात्रा मना करती है तो युवक जान से मारने की धमकी देता है. छात्रा ने युवक के घरवालों से इसकी शिकायत की लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया. इसके कारण उनकी बेटी ने कॉलेज आना जाना भी बंद कर दिया.
थाने पहुंची मां का कहना है कि उनकी बेटी आगे पढ़ना चाहती है लेकिन युवक अपनी हरकतों से मान नहीं रहा है. इस संबंध में थाना शाहगंज प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही का कहना है कि शिकायत मिली है. आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.