आगरालीक्स…. आप अंदाजा लगा सकते हैं कि ताजमहल का दीदार करने कितने पर्यटक पहुंच रहे हैं, एएसआई को ताजमहल के मुख्य गुंबद में पर्यटकों के प्रवेश पर रोक, नहीं कर पा रहे शाहजहां और मुमताज की कब्रों का दीदार ।
15 अगस्त तक ताजमहल में फ्री एंट्री है, इसके चलते पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। ताजमहल में हर रोज 30 से 40 हजार पर्यटक पहुंचते थे लेकिन ताजमहल के फ्री होते ही 70 हजार से अधिक पर्यटक ताजमहल का दीदार करने के लिए पहुंचने लगे हैं। ऐसे में ताजमहल पर भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो रहा है।

15 अगस्त तक मुख्य गुंबद पर प्रवेश पर रोक
अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. राजकुमार पटेल ने बताया कि हादसा नहीं हो, इसके लिए दिल्ली मुख्यालय को ताजमहल के मुख्य मकबरे को बंद रखे जाने का प्रस्ताव भेजा गया था। 13 से 15 अगस्त तक के लिए मुख्य मकबरे को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है।
मुख्य मकबरे में हैं शाहजहां और मुमताज की कब्र
ताजमहल के मुख्य मकबरे में शाहजहां और मुमताज की कब्र हैं, इसके साथ ही मुख्य मकबरे पर पहुंचने के बाद ताजमहल के संगमरमरी हुस्न में यमुना चार चांद लगाती है। मुख्य मकबरे पर जाने के लिए अलग से 200 रुपये का टिकट लेना पड़ता है, इसके बाद भी पर्यटक टिकट लेकर मुख्य मकबरे तक जाते हैं।
मुख्य मकबरे पर लागू है 200 रुपये का टिकट
ताजमहल में भीड़ प्रबंधन को मुख्य मकबरे पर 200 रुपये का अतिरिक्त प्रवेश शुल्क एएसआइ ने लागू कर रखा है। चमेली फर्श से ऊपर मुख्य मकबरे पर जाने को भारतीय और विदेशी पर्यटकों पर यह टिकट लागू होता है। पांच अगस्त से स्मारक फ्री होने की वजह से मुख्य मकबरे पर भी फ्री प्रवेश मिल रहा है, जिसके चलते पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है।