आगरालीक्स..( 2 मिनट में पूरी खबर) …आगरा कैंट स्टेशन पर ताज एक्सप्रेस के डी टू कोच में पहुंचे युवक ने यात्री से कहा, ट्रेन में बम रखा है, दिल्ली पहुंचते ही फट जाएगा, 1600 यात्री, दो घंटे चेकिंग, युवक अरेस्ट.
ट्रेन संख्या 12279 ताज एक्सप्रेस झांसी रेलवे स्टेशन से 15 अगस्त 2022 को दोपहर 3.20 बजे रवाना हुई, ट्रेन 6.15 बजे आगरा कैंट स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन स्टेशन पर खड़ी हुई थी, डी टू कोच में एक युवक आया, उसने बर्थ संख्या 54 पर बैठे यात्री से कहा कि ट्रेन में बम रखा है। ट्रेन के दिल्ली पहुंचते ही बम फट जाएगा। यात्री के होश उड़ गए, उसने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि ट्रेन में बम रखा है। जीआरपी और आरपीएफ की टीम पहुंची लेकिन तब तक ताज एक्सप्रेस आगरा कैंट स्टेशन से रवाना हो चुकी थी।

मथुरा में दो घंटे ट्रेन की चेकिंग
रेलवे पुलिस ने मथुरा में जीआरपी और आरपीएफ को अलर्ट कर दिया, ट्रेन जैसे ही मथुरा रेलवे स्टेशन पर पहुंची। जीआरपी और आरपीएफ ने ट्रेन को घेर लिए, चेकिंग शुरू कर दी। यात्री भी ट्रेन से बाहर निकलने लगे। जीआरपी और आरपीएफ ने एक एक कोच की चेकिंग की।
दो घंटे तक अटकी रहीं 1600 यात्रियों की सांसें
ट्रेन में करीब 1600 यात्री सवार थे, मथुरा में ट्रेन की करीब दो घंटे तक चेकिंग की गई। ट्रेन में बम होने की खबर से यात्री और उनके परिजन भी दहशत में रहे। टीम ने हर कोच को चेक किया लेकिन बम नहीं मिला।
दो घंटे बाद मथुरा से रवाना हुई ताज एक्सप्रेस
ट्रेन की हर बॉगी को चेक किया गया, इसमें करीब दो घंटे लग गए। जब ट्रेन में कुछ नहीं मिला, इसके बाद ट्रेन को दो घंटे बाद रात 9.29 बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया। यात्री भी निश्चिंत हो गए और ट्रेन दो घंटे देरी से चली।
सीसीटीवी की मदद से पकड़ा फर्जी सूचना देने वाला युवक
एसपी जीआरपी मोहम्मद मुश्ताक का मीडिया से कहना कि ट्रेन के डी टू कोच की बर्थ संख्या 54 पर बैठे यात्री से संपर्क किया गया, उसने बताया कि आगरा कैंट स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही एक युवक आया था उसने कहा कि ट्रेन में बम रखा है और दिल्ली पहुंचते ही फट जाएगा। उसने कंट्रोल रूम को सूचना दी। टीम ने आगरा कैंट स्टेशन पर लगे सीसीटीवी खंगाले, इसमें ताज एक्सप्रेस के पास युवक दिखाई दिया। उसके बारे में जानकारी जुटाई गई, पता चला कि युवक का नाम मुकेश है और वह खेरिया मोड पर रहता है। दबिश देकर मुकेश को अरेस्ट कर लिया गया, मुकेश इस तरह की फर्जी सूचना पहले भी दे चुका है।