आगरालीक्स ….आगरा में रात को फार्म हाउस से लौट रहे बड़े ज्वैलर्स के बेटे की कार पेड़ से टकराई, हादसे में ज्वैलर के बेटे की मौत और ज्वेलर की पत्नी घायल.

आगरा के एमजी रोड स्थित लालचंद शोभराज ज्वैलर्स एंड संस के संचालक देवेंद्र नागवानी बाग फराजाना में रहते हैं। उनका पोइया घाट पर फार्म हाउस है। सोमवार की रात 12.30 बजे देवेंद्र नागवानी के बेटे कुशाग्र नागवानी अपनी मां प्रिया नागवानी के साथ आई 20 कार से फार्म हाउस से घर लौट रहे थे। रात में दयालबाग रोड पर कुशाग्र की कार एक पेड़ से टकरा गई।
पेड़ में फंसी कार से पुलिस ने बाहर निकाला
रात के समय दयालबाग रोड पर कम ही लोग थे, स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। कार रोड के सीधे तरफ जाकर पेड़ से टकराई थी, कुशाग्र गाड़ी चला रहे थे, वे और उनकी मां कार में फंसे हुए थे। दोनों को पुलिस ने कार से बाहर निकाला, इसके बाद हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। हादसे में कुशाग्र की मौत हो गई, जबकि मां प्रिया की हालत गंभीर है।
लालचंद शोभराज ज्वैलर्स शोरूम पर भी बैठता था कुशाग्र
देवेंद्र नागवानी की लालचंद शोभराज ज्वैलर्स के नाम से बड़ी फर्म है, कुशाग्र भी अपने पिता की मदद करते थे और ज्वैलरी शोरूम पर पिता के साथ बैठते थे। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।