आगरालीक्स….आगरा में प्रेम का दर्दनाक अंत. जिस प्रेमिका को पत्नी बनाया, उसे पुलिस पकड़कर ले गई. पेड़ पर लटककर युवक ने दी अपनी जान….
आगरा में एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिला. सूचना पर पुलिस पहुंची तो युवक के सुसाइड करने का चौंकाने और दर्दभरा खुलासा हुआ है. युवक की पत्नी को पुलिस पकड़कर ले गई थी जिसके बाद युवक ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. इधर बेटे का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया है.

ये है मामला
आगरा के थाना बाह के जरार में 24 साल का युवक राजू रहता था. राजू की डेढ़ साल पहले फेसबुक पर कोटा बूंदी क्षेत्र की रहने वाली निकिता से दोस्ती हुई थी. दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और 9 महीने पहले दोनों ने शादी कर ली. युवती अपने परिजनों को छोड़कर यहां राजू के साथ रहने लगी. इधर युवती के पिता ने राजाखेड़ा थाने में युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था. निकिता पांच माह की गर्भवती है. सुराग लगने पर राजस्थान पुलिस रविवार को राजू के घर दबिश मारने के लिए पहुंची. पुलिस के आने पर राजू तो वहां से भाग निकला लेकिन पुलिस ने निकिता को बरामद कर लिया और उसे अपने साथ ले गई.
पत्नी के पकड़े जाने से परेशान राजू ने आम का पुरा गांव के पास एक पेड़ पर लटककर अपनी जान दे दी. उसका शव पेड़ पर अंगोछे के फंदे पर लटका मिला. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.