आगरालीक्स…. आगरा में 125 करोड़ से बनने वाले पहले फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का सीएम नवरात्र में योगी शिलान्यास करेंगे। 200 कारोबारी फैक्ट्री लगा सकेंगे, जानें पूरी प्रक्रिया, रेट क्या होगा।
यूपी का पहला फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स आगरा में बनेगा। इसके लिए फाउंड्री नगर में 21500 वर्ग मीटर जमीन चिन्हित की गई है। इस जमीन पर 152 करोड़ से फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स बनना है। इस काम्प्लेक्स में एक ही जगह पर सभी सुविधाएं होंगी। कारोबारियों को काम्प्लेक्स में बनने वाली फैक्ट्री आवंटित की जाएंगी, मूलभूत सुविधाएं सरकार विकसित करेगी। जिससे कारोबारी अपनी फैक्ट्री काम्प्लेक्स में खोल सकेंगे।

चार मंजिला होगा कॉम्प्लेक्स
फाउंड्री नगर में बन रहा फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स चार मंजिला होगा। हर मंजिल पर एक लाख वर्ग फुट का कंस्ट्रक्शन होगा। इस तरह करीब चार लाख वर्ग फुट का कंस्ट्रक्शन होना है और नौ लिफ्ट लगाई जाएंगी। ईको फ्रैंडली कॉम्प्लेक्स में बिजली से लेकर पानी की सुविधाएं होंगी।
फैक्ट्री आवंटन में प्राथमिकता और रेट
अभी कारोबारियों को काम्प्लेक्स में आवंटित होने वाली फैक्ट्री के रेट सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। यह कहा जा रहा है कि लागत मूल्य पर फैक्ट्री आवंटित की जाएंगी। व्हाइट कैटेगरी में आने वाले कारोबार जैसे गारमेंट इंडस्ट्री के साथ ही नए स्टार्ट अप को प्राथमिकता दी जाएगी। अभी फैक्ट्री आवंटन की प्रक्रिया शुरू होनी है।
भूतल पर सभागार और कैंटीन
फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स में भूतल पर उद्योग संबंधी आपूर्ति के लिए सपोर्ट फैसिलिटी एरिया विकसित किया जाएगा। कर्मचारियों के लिए कैंटीन की सुविधा होगी। सभागार भी बनाया जाएगा। उद्योगों के लिए एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग ब्लॉक बनाया जाएगा।