आगरालीक्स.. आगरा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट का श्री गणेश दुर्गा पूजा पर किया जाएगा, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शहर के लोगों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा देने की तैयारी कर चुके हैं। दुर्गा पूजा पर ही प्रदेश सरकार इंटरनेशनल एयरपोर्ट का काम शुरू कराने की तैयारी में है। केंद्र सरकार के साथ प्रदेश सरकार ने कागजी औपचारिकताएं पूरी करा ली है।
155 एकड जमीन में बनेगा एयरपोर्ट
आगरा में खेरिया एयरपोर्ट के पास विस्तार के लिए 155 एकड़ जमीन लेने की प्रक्रिया शुरू की जाने लगी। पहले सिविल एन्क्लेव के लिए 55 एकड़ जमीन पर किसान खुद जमीन लेने की पैरवी करते रहे। इसमें 41 एकड़ जमीन के बैनामे हो चुके हैं और 14 एकड़ जमीन के बैनामे लेखपाल हड़ताल के कारण रुके हैं। मुख्य सचिव के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हवाई दौरे के बाद एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए 155 एकड़ जमीन का प्रस्ताव और तैयार किया गया। धनौली, बल्हेरा, अभयपुरा में 90 फीसदी किसान मुआवजा मिलने पर जमीन देने की सहमति दे चुके हैं।
14.8 एकड़ जमीन पर है सिविल टर्मिनल
खेरिया एयरपोर्ट में 14.8 एकड़ जमीन पर सिविल टर्मिनल मौजूद है, लेकिन एयरफोर्स की सुरक्षा के मद्देनजर टर्मिनल तक हर किसी को जाने की इजाजत नहीं। 4,870 वर्ग मीटर में 250 यात्रियों की क्षमता वाले इस टर्मिनल पर तीन एयरबस, 320 विमान और तीन छोटे विमान पार्किंग करने की सुविधा अभी भी है, लेकिन प्रवेश में दिक्कतों के मद्देनजर धनौली की ओर 55 एकड़ जमीन पर नया सिविल एन्क्लेव बनाया जाएगा। लगभग चार गुना बड़े प्रस्तावित एन्क्लेव को 155 एकड़ अतिरिक्त जमीन लेकर विस्तार दिया जाएगा। यहां रनवे के 12 हजार फुट तक के विस्तार और अन्य सुविधाएं शामिल हैं। एयरफोर्स के सहयोग के बिना आगरा का इंटरेनशनल एयरपोर्ट संचालित होना मुश्किल है। दरअसल, सिविल एन्क्लेव बनने के बाद भी एयर ट्रैफिक कंट्रोल और रनवे एयरफोर्स का ही उपयोग किया जाएगा। बेस स्टेशन होने के कारण खेरिया हवाई अड्डे से लगातार उड़ानें रहती हैं। ऐसे में रक्षा मंत्रालय के सहयोग से ही एयरपोर्ट का संचालन मुमकिन हो सकेगा।
Leave a comment