आगरालीक्स… आगरा के निकटवर्ती जिले हाथरस में आज खाटू श्याम के दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की कार और ट्रक की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत। एक घायल।
बरेली से राजस्थान जा रहे थे, जाऊ नहर पर हादसा
बरेली निवासी जय कुमार, आशीष, अभिषेक और मनोज कुमार कार से खाटू श्याम के दर्शन के लिए राजस्थान जा रहे थे। हाथरस पहुंचने पर उनकी तेज रफ्तार कार की जाऊ नहर मोड़ के पास एक कार से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखचे उड़ गए। हादसे में जय आशीष और अभिषेक की मौके पर मौत हो गई, जबकि मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों को सूचित किया, डीएम ने ली जानकारी
डीएम रमेश रंजन ने बताया कि बरेली से कुछ लोग खाटू श्याम के दर्शन के लिए जा रहे थे, उनकी कार आज सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीन युवको की मौत हो गई। घायल युवक मनोज ने मृतकों की शिनाख्त की है, उनके परिजनों को सूचित कर दिया है। घायलों का इलाज किया जा रहा है।