आगरालीक्स…दुखद खबर. शादी में आए चार साल के बच्चे की मौत. बुधवार रात से था लापता, सुबह नाले में मिला बच्चे का शव
आगरा में आज एक दुखभरी खबर आई है. शादी में आए 4 साल के बच्चे की मौत नाले में गिरकर हो गई. बच्चा बुधवार रात से लापता था, परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे लेकिन आज सुबह उसका शव घर के पास ही स्थित नाले में मिला. बच्चे का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
यहां का है मामला
घटना थाना सदर के बुंदू कटरा क्षेत्र की है. बमरौली कटारा के रहने वाले राजेश यहां रहने वाले अपने चाचा के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिवार के साथ आए हुए थे. बुधवार को इनके दो बेटे घर के बाहर खेल रहे थे. बताया जाता है कि थोड़ी देर बाद इनका बड़ा बेटा घर वापस लौट आया, लेकिन छोटा बेटा गोलू घर नहीं आया. इस पर परिजन उसकी तलाश करने लगे, काफी देर तक जब बच्चे का कुछ पता नहीं चला तो चिंतित परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. रातभर परिजन बच्चे को खोजते रहे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला. पुलिस ने बच्चे के घर के पास ही स्थित नाले में गिरने की आशंका जताई. आज सुबह बच्चे की तलाश नाले में की गई तो उसका शव नाले में पड़ा मिला.

बच्चे का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. शादी वाले घर में रोने चिल्लाने की आवाजें आने लगीं.पिता बेटे के शव को लेकर वापस अपने गांव चले गए.