आगरालीक्स…आगरा में बंदरों की उछलकूद से गिरा छज्जा. बुजुर्ग की मौत, महिला घायल
आगरा के पिनाहट थाना क्षेत्र में कस्बा के बीचोंबीच बने एक मकान का छज्जा बंदरों की उछलकूद के कारण गिर गया. छज्जा गिरने से उसके नीचे बैठे एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि एक महिला घायल हो गई. महिला को आगरा रेफर किया गया है, जबकि बुजुर्ग की एसएन में मौत हो गई.
यहां का है मामला
मामला पिनाहट कस्बा का है. मुख्य मार्ग स्थित रघुनाथपुरा में रहने वाले टिंचू सिंह का मकानके बाहरी हिस्से में दो दुकानें हैं. दुकानों की छत जर्जर होने के कारण इन्हें सही कराने के लिए दुकानों को किरायेदारों से छह महीने पहले ही खाली करा लिया गया था. गुरुवार शाम को कुछ बंदर जर्जर छज्जे पर उछलकूद कर रहे थे कि अचानक छज्जा टूटकर नीचे गिर पड़ा. छज्जे के नीचे बैठे टिंचू के बाबा 70 वर्षीय रामचरन व गुड्डीदेवी पत्नी अंतराम बुरी तरह से घायल हो गए. छज्जा गिरने से आसपास अफरातफरी मच गई और इसके नीचे दबे दोनों लोगों को निकालने के लिए लोग जुट गए. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. घायलों को निकालकर सीएचसी ले जाया गया जहां से दोनेां को आगरा रेफर कर दिया गया. एसएन में उपचार के दौरान बुजुर्ग रामचरन ने दम तोड़ दिया जबकि महिला की हालत भी गंभीर बताई जा रही है.