आगरालीक्स…आगरा में श्रीजगन्नाथ जी के ओढन भेष में दर्शन पर लगे श्रीहरि के जयकारे. अब हर रोज रात 8 बजे ओढन भेष में होंगे दर्शन, आरती का समय बदला
कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में उत्साह और उमंग के साथ ओढन षष्ठी का आयोजन किया गया। सर्दी बढ़ने के साथ बहन सुभद्रा व भाई बलराम संग विराजमान श्रीजगन्नाथ जी की रजाई व गरम वस्त्र भी निकल आए हैं। आज से प्रतिदिन रात 8 बजे श्रीहरि ओढन भेष में भक्तों को दर्शन देंगे। वहीं प्रसाद की तासीर भी गरम व्यंजनों वाली कर दी गई है।

श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि आज से भोग में जायफल, जावित्री, काली मिर्च, केसर व गुण का दूध रहेगा। सर्दी से बचाव के लिए गरम पोशाक व रजाई के साथ ओढन भेष में भगवान के दर्शन प्रतिदिन रात 8 बजे बंसत पंचमी तक होंगे। इस वर्ष श्रीहरि के ओढन भेष में प्रथम बार दर्शन हुए को मंदिर परिसर श्रीहरि के जयकारों से गूंज उठा। संध्या आरती रात 7 बजे के स्थान पर अब प्रतिदिन शाम 6.30 बजे होगी। रात 8 बजे शयन आरती के बाद 8.15 पर विश्राम दर्शन के उपरान्त मंदिर के पट बंद हो जाएंगे। मंगला आरती का समय 12 महीने प्रातः 4.30 बजे ही रहता है। इस अवसर पर मुख्य रूप से राहुल बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, त्रिलोकचंद अग्रवाल, अमित मित्तल, अर्चना कुकरेजा, राजीव मल्होत्रा, हर्ष कटाना, श्रुति बंसल आदि उपस्थित थे।