आगरालीक्स… पॉश कॉलोनी के पार्क में सेप्टिक टैंक धंस गया, 10 फुट गहरे टैंक में चार बच्चे गिर गए, इसमें से 10 वर्षीय इकलौते बेटे पार्थ को चार घंटे बाद निकाला जा सका, उसकी मौत हो गई।
मथुरा के गोविंद नगर में महाविद्या फेस-दो के पार्क में शिव मंदिर है। इसके नीचे सालों पुराना सीवेज टैंक है। इसके ऊपर कुछ माह पहले नगर पालिका ने बालू डालकर इंटरलॉकिंग कराई थी। गुरुवार शाम को कॉलोनी के कुछ बच्चे वहां खेल रहे थे। उन्होंने वहां पटाखे चलाए। पटाखों की धमक से टैंक का ऊपरी हिस्सा ढह गया। टैंक के ऊपर खेल रहे पांच बच्चे शौर्य पुत्र प्रदीप, देवेश पुत्र सीता राम, सौरव पुत्र स्व.हरेंद्र छौंकर, पार्थ पुत्र जितेंद्र उर्फ पप्पू अस्थाना व एक अन्य अज्ञात बच्ची सभी निवासी महाविद्या कॉलोनी मलबे में दब गए। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और पालिका के अधिकारी वहां पहुंच गए। स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुटे तो करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शौर्य, देवेश और सौरव को बाहर निकाल लिया गया। वहीं पार्थ के लिए बचाव कार्य रात तक चलता रहा। 10.15 बजे पार्थ को भी सीवेज के मलबे में से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे जिला अस्पताल में लेकर पहुंचे। वहां पर चिकित्सकों ने पार्थ को मृत घोषित कर दिया।
30 साल पुराना सीवेज टैंक, लोगों ने निकाला पानी
पार्क में 1986 में सीवेज टैंक बना है, सालों पुराने सीवेज टैंक पर इंटर लॉकिंग कराई गई थी। हादसे के बाद स्थानीय लोग बच्चों को बाहर निकालने में जुट गए। पार्थ के न मिलने पर लोगों ने टैंक से पानी निकलना शुरू कर दिया, लोग बाल्टी लेकर पानी निकालने में जुट गए। फायर बिग्रेड कर्मियों ने बचाव कार्य किया, चार घंटे बाद सवा दस बजे पार्थ को बाहर निकाला गया, उसे परिजन अपने साथ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी।
Leave a comment