आगरालीक्स…आगरा में कार सवारों ने की युवती को उठाने की कोशिश. हाथ पकड़कर गाड़ी में खींचना चाहा लेकिन युवती ने किया ऐसा काम, भागते निकले बदमाश
आगरा में कार सवार बदमाशों ने एक युवती को उठाकर ले जाने की कोशिश की. युवती का हाथ पकड़कर गाड़ी के अंदर खींचना चाहा लेकिन युवती ने साहस दिखाते हुए खींचने वाले के हाथ में काट खा लिया जिससे बदमाश हाथ छुड़ाकर भाग खड़े हुए. युवती के शोर मचाने पर लोग इकट्ठा हो गए उन्होंने कार सवारों का पीछा करने की भी कोशिश की लेकिन वे हाथ नहीं आए. सीसीटीवी में कार जाती हुई दिखाई दी है.

ये है मामला
घटना थाना कागारौल क्षेत्र की बताई गई है और शुक्रवार सुबह की है. यहां एक गांव की रहने वाली युवती कूड़ा डालने के लिए घर से थोड़ी दूर पर निकली थी कि तभी रास्ते में एक वैन में सवार चार पांच युवक वहां आए और उन्होंने चलती वैन में युवती का हाथ पकड़कर गाड़ी के अंदर खींचने की कोशिश की. इस पर युवती ने खींच रहे बदमाश के हाथ पर काट खा लिया जिससे वैन सवार वहां से भागते बने. युवती के शोर मचाने पर ग्रामीण वहां आ गए और उन्होंने गाड़ी का पीछा करने की कोशिश भी की लेकिन कार सवार हाथ नहीं आए. घटना की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.
पुलिस ने एक स्कूल के सीसीटीवी फुटेज में कार को जाते हुए देखा. बताया जाता है कि युवती के साथ वारदात करने वाले आरोपी जिस वैन से आए थे उसे पहचान लिया गया है. इस मामले में युवती के परिजनों ने तहरीर भी दी लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने शुक्रवार रात को कार और उसके चालक को छोड़ दिया है जिससे ग्रामीणों में गुस्सा है. पुलिस का कहना है कि पुूलिस को तहरीर मिली है, जांच की जा रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.