आगरालीक्स… आगरा के टीला माईथान में धर्मशाला की खोदाई से आठ मकान ढहने से 1.55 करोड़ का नुकसान, ठेकेदार से वसूला जाएगा, मकान तोड़ने को बनाई जा रही रैंप। वीडियो के लिए क्लिक करें.
आगरा के टीला माईथान में धर्मशाला में शॉपिंग कॉम्पलेक्स बनाने के लिए ट्रस्टी राजू मेहरा, बिल्डर हरेश शर्मा द्वारा ठेकेदार राघवेंद्र उपाध्याय से खोदाई कराई जा रही थी। मकान 30 फीट की ऊंचाई पर बने थे, धर्मशाला के बेसमेंट में खोदाई की जा रही थी। 26 जनवरी को तीन मकान और एक मंदिर ढह गए इसमें चार साल की बालिका की मौत हो गई। धर्मशाला से सटे आठ मकान सहित 39 मकान खाली करा लिए गए हैं। मकानों में दरार आ गई है।
रैंप बनाकर ध्वस्त किए जाएंगे आठ मकान
धर्मशाला से सटे आठ मकान हैं, इन्हें ध्वस्त किया जाना है लेकिन मकान सड़क से 40 फीट की ऊंचाई पर हैं। सेना की निगरानी में मकानों को ध्वस्त करने के लिए सोमवार से काम शुरू हुआ। बारिश में भी काम किया गया, धर्मशाला में मिटटी डाली जा रही है। इसके बाद मिटटी से रैंप बनाई जाएगी और मकानों को ध्वस्त किया जाएगा।
1.55 करोड़ का नुकसान, ठेकेदार से वसूलकर कराई जाएगी मरम्मत
इस मामले की जांच पीडब्ल्यूडी से कराई गई। अधिशासी अभियंता नरेश कुमार का कहना है कि जांच में सामने आया है कि तीन मकान और मंदिर ढहने का मुख्य कारण बेसमेंट की गलत तरह से खोदाई सामने आई है, खोदाई करते समय कोई सपोर्ट नहीं लिया गया, धर्मशाला में 40 फीट गहराई तक खोदाई कर दी। इससे मकान ढह गए और तमाम मकानों में दरार आ गई है। इसमें 1.55 करोड़ का नुकसान हुआ है। एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह का कहना है कि ठेकेदार राघवेंद्र उपाध्याय से 1.55 करोड़ हर्जाना वसूला जाएगा, इससे मकानों की मरम्मत कराई जाएगी।