आगरालीक्स…आगरा में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से एक लाख से अधिक युवाओं को रोजगार. 301 उद्योगपतियों ने आगरा में 3 लाख 55 हजार 710 करोड़ का किया निवेश
लखनऊ में आज से यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट—2023 का शुभारंभ हुआ है। आगरा के सूरसदन में इसके अंतर्गत आगरा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का लाइव आयोजन किया गया। इस तीन दिवसीय वैश्विक निवेश सम्मेलन में विश्व स्तर के नीति निर्धारकों कॉरपोरेट्स नेतृत्व व्यापारिक प्रतिनिधि मंडलों एवं प्रबंधकजनों द्वारा प्रतिभा किया गया। उ0प्र0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 में प्रदेश के समावेशी विकास के लिए सामूहिक रूप से व्यवसायिक संभावनाओं एवं सहभागिता के अवसरों पर मंथन किया जायेगा।
इसी क्रम में शासन की अपेक्षा अनुसार जनपद में भी आगरा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 का भव्य शुभारम्भ सूरसदन प्रेक्षागृह में मण्डलायुक्त अमित गुप्ता व जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल की अध्यक्षता में हुआ। आयोजन में जनपद के उद्योगपतियों, निवेशकर्ताओं, स्टार्टअप प्रारम्भ करने वालों की समस्याओं का समाधान तथा शासन की नीतियों, प्रक्रियाओं एवं भूमि की उपलब्धता के संबंध में वांछित जानकारी प्रदान की गयी। कार्यक्रम में सर्वप्रथम प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने हेतु यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण हुआ, जिसे सूरसदन प्रेक्षागृह में भारी संख्या में उपस्थित उद्योगपति, निवेशकर्ताओं तथा स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा सुना व देखा गया।

लाइव प्रसारण कार्यक्रम में सर्वप्रथम कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता (नन्दी) ने सम्बोधन किया। इसके बाद निवेशकर्ताओं व उद्योगपतियों का सम्बोधन हुआ। केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सम्बोधित किया। उ0प्र0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 को अन्त में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश व देश को सम्बोधित किया। इसी क्रम में सूरसदन प्रेक्षागृह में मण्डलायुक्त अमित गुप्ता की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय जनप्रतिनिधियों के द्वारा दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का भव्य शुभारम्भ हुआ।
कार्यक्रम में आयुक्त महोदय ने अपने सम्बोधन में कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था के आकार को एक ट्रिलियन डॉलर तक बढ़ाने के उद्देश्य से देश तथा विदेशों से पूंजी निवेश आकर्षित करने हेतु आगामी दिनांक 10-12 फरवरी, 2023 को लखनऊ में यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 03 दिवसीय आगरा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023, आगरा के समावेशी विकास, व्यापार के अवसरों का अन्वेषण तथा सहभागिता स्थापित करने हेतु उद्योग एवं वाणिज्य जगत से जुड़े उद्योगपतियों, निवेशकों, व्यापारियों, कॉरपोरेट नेतृत्व को स्थानीय स्तर पर भी सहभागी बनाने हेतु यह आयोजन किया गया है, जिसका समापन 12 फरवरी 2023 को विकास भवन संजय प्लेस, आगरा पर किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में जितने भी एमओयू हुए हैं, उन सभी निवेशकों को जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण सहयोग व सुरक्षा प्रदान की जायेगी, जिससे कि जनपद को एक औद्योगिक प्रगति की तरफ ले जाया जा सके।
कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार ने बताया कि उद्योगपतियों द्वारा जनपद आगरा में पूर्व में 23 जनवरी तक 48 हजार करोड़ का प्रस्तावित निवेश तथा 39 हजार करोड़ का एम0ओ0यू0 प्राप्त हुआ था, लेकिन आज तक शासन के अथक प्रयास से जनपद में 301 उद्योगपतियों द्वारा 03 लाख 35 हजार 710 करोड़ का प्रस्तावित निवेश प्राप्त हुआ है, जिसमें 280 उद्योगपतियों द्वारा 02 लाख 18 हजार 41 करोड़ रूपये के एम0ओ0यू0 प्राप्त हुए हैं, इससे एक लाख 05 हजार 415 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा।
साथ ही उन्होंने बताया कि जनपद फिरोजाबाद में 187 उद्योगपतियों द्वारा 15120 करोड़ का प्रस्तावित निवेश, जनपद मथुरा में 264 उद्योगपतियों द्वारा 25198 करोड़ का प्रस्तावित निवेश तथा जनपद मैनपुरी में 140 उद्योगपतियों द्वारा 4295 करोड़ का प्रस्तावित निवेश प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि मण्डल में 892 उद्योगपतियों द्वारा कुल 03 लाख 80 हजार 323 करोड़ का प्रस्तावित निवेश तथा 845 उद्योगपतियों द्वारा 02 लाख 60 हजार 641 एम0ओ0यू0 प्राप्त हुए हैं, जिससे मण्डल में कुल 02 लाख 50 हजार 521 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा।
आगरा के 10 निवेशकर्ताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में जनपद आगरा के 10 निवेशकर्ताओं मंजू रानी जिंदल, योगेन्द्र सिंघल, विकास खन्ना, विश्वस्वरूप शर्मा, नरेश अग्रवाल, मिशेष अग्रवाल, हर्ष गुप्ता, राजेश वर्मा, नीतू शर्मा, नितिन कौशिक, पूरन सिंह, विमल दीक्षित को मण्डलायुक्त, जिलाधिकारी तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, आगरा द्वारा स्टॉल व पम्पलेट तथा चित्र प्रदर्शनी द्वारा सरकार द्वारा चलायी जा रही उद्यम व रोजगार परक योजनाओं का प्रचार-प्रसार व जानकारी दी गयी। सभी उपस्थित उद्योगपतियों, निवेशकर्ताओं, स्टार्टअप प्रारम्भ करने वालों तथा छात्र/छात्राओं को ओरिएन्टेशन प्रोग्राम के अन्तर्गत नॉलेज किट उपलब्ध कराया गया।