आगरालीक्स…शादी में दूल्हे की इस हरकत ने दुल्हन को किया शर्म से पानी पानी. नाराज दुल्हन बोली—अब नहीं करनी शादी
आगरा मंडल के फिरोजाबाद में दूल्हे की हरकत से नाराज दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया. मामला पुलिस तक पहुंंच गया और दूल्हे को भी हिरासत में ले लिया गया. घटना जयमाला के दौरान हुई, दूल्हे की हरकत से दुल्हन सभी के सामने शर्म से पानी पानी हो गई और इसके बाद नाराज दुल्हन ने शादी करने से ही इनकार कर दिया. लोगों के काफी समझाने के बाद भी दुल्हन शादी के लिए राजी नहीं हुई.
ये है पूरा मामला
मामला शिकोहाबाद के एक गेस्ट हाउस का है. जसराना के गांव जाजू मई की रहने वाली युवती की शादी थाना खैरगढ़ के गांव रसैनी में रहने वाले युवक आदेश के साथ यहां हो रही थी. बीती रात बारात धूमधाम से गेस्ट हाउस में पहुंची. लड़की पक्ष ने स्वागत और सत्कार किया और बारोटी की रस्म भी पूरी की. इसके बाद जयमाला का कार्यक्रम शुरू हुआ. दूल्हा आदेश पहले से ही स्टेज पर था और दुल्हन हाथों में माला लेकर यहां आ रही थी. स्टेज पर चढ़ने के लिए दूल्हे ने अपना हाथ दुल्हन की तरफ बढ़ाया. इस पर दुल्हन ने अपना हाथ दूल्हे के हाथ में दे दिया लेकिन दूल्हे को न जाने क्या सूझा, उसने झटका देकर दुल्हन को स्टेज से नीचे जमीन पर गिरा दिया.

इतने सारे रिश्तेदारों के बीच दूल्हे की इस हरकत ने दुल्हन को शर्म से पानी पानी कर दिया. उसने दूल्हे की ओर देखा तो वह मुस्कुरा रहा था, इस पर दुल्हन का पारा हाई हो गया. इसके बाद भी दूल्हा लड़की पक्ष को बार—बार अपमानित करने लगा. काफी देर तक ये सब देखने के बाद दुल्हन का धैर्य जवाब दे गया और उसने दूल्हे के साथ फेरे लेने से इनकार कर दिया. दुल्हन की यह बात सुनकर दोनों पक्ष हैरान रह गए. लड़की पक्ष ने भी दुल्हन का समर्थन किया और इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दूल्हे को हिरासत में ले लिया. इधर बाद में घराती और बाराती दोनों शादी करने के लिए लड़की को मनानेम ें लगे लेकिन दोपहर तक लड़की शादी के लिए राजी नहीं हुई. इसके बाद बाराती वापस चले गए और दूल्हा थाने में बैठा रहा.