आगरालीक्स…आगरा में खुले पड़े 10 फीट गहरे गड्ढे में से आ रही थी मदद की आवाजें. एक राहगीर ने देखा तो छोटा बच्चा उसमें तड़प रहा था…
आगरा में लापरवाही की हद पार कर देने वाला एक मामला सामने आया है. आवास विकास कॉलोनी सेक्टर चार की सड़क पर एक खुले गड्ढे में से मदद की आवाजें आ रही थीं. एक राहगीर ने आवाज सुनी और गड्ढे में झांककर देखा तो एक 10 साल का छोटा बच्चा उसमें तड़प रहा था और वह मदद के लिए आवाजें लगा रहा था. यह देखकर उस राहगीर के होश उड़ गए.
ये है पूरा मामला
मामला आवास विकास सेक्टर चार रोड का है. यहां गंगाजल की पाइपलाइन बिछाने के लिए एक गड्ढ़े को खुला छोड़ दिया गया है. यह गड्ढा करीब 10 से 12 फीट गहरा है. शुक्रवार को एक राहगीर प्रियांशु यहां से गुजर रहे थे कि तभी उन्होंने गड्ढे के अंदर से कुछ आवाजें आती हुई सुनी. आवाज सुनकर प्रियांशु वहीं रुक गए और उन्होंने गड्ढे के अंदर झांककर देखा तो एक 10 से 12 साल का मासूम बच्चा उसमें तड़प रहा था और वह खुद को बचाने के लिए मदद के लिए आवाजें लगा रहा था. यह देखते ही प्रियांशु के होश उड़ गए और जानकारी पर अन्य लोग भी वहां जुट गए. प्रियांशु एक संस्था से जुड़े हुए हैं तो उन्होंने इसकी जानकारी देकर अपनी संस्था के सदस्यों को भी मौके पर बुला लिया और लोगों की मदद से बच्चे को सुरक्षित गड्ढे के अंदर से बाहर निकाल लिया.

बच्चा पास का ही रहने वाला था और जानकारी पर उसके परिजन भी वहां आ गए. बच्चे का नाम देवराज है. गड्ढे में गिरने से उसकी तबियत खराब हो गई. बड़ी घटना होने से पहले लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन इसमें जिम्मेंदारों की लापरवाही करी बड़ी हद सामने आई है .