आगरालीक्स…आगरा में सरकारी नौकरी लगने पर खुश था युवक, ज्वाइनिंग लैटर भी आ गया था लेकिन जैसे ही वो ज्वाइनिंग के लिए गया तो उड़ गए होश
आगरा में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर एक युवक से लाखों रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया है. उसे सिंचाई विभाग का फर्जी ज्वाइनिंग लैटर भी दे दिया. ज्वाइनिंग लैटर मिलने के बाद वह खुश था. लेकिन जब वह ज्वाइनिंग के लिए सिंचाई विभाग पहुंचा तो यहां उसे पता चला कि उसके साथ लाखों रुपये की ठगी की गई है. उसके साथ धोखा हुआ है और उसकी कोई नौकरी नहीं लगी है. यह जानकार उसके होश उड़ गए. पीड़ित युवक ने पुलिस में शिकायत की. मंगलवार को पुलिस ने एक आरोपी को अरेस्ट कर लिया है जबकि उसके दो साथी फरार हैं.

ये है पूरा मामला
मामला थाना सदर क्षेत्र के राजपुर चुंगी का हे. यहां अभिषेक कुमार रहता है. अभिषेक के अनुसार उसकी सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 3.50 लाख रुपये और चार लाख रुपये का चेक लिया गया. इसके बाद सिंचाई विभाग में नौकरी लगने का ज्वाइनिंग लैटर भी उसके पास आ गया. ज्वाइनिंग होने के बाद से अभिषेक खुश था. परिवार और दोस्तों में मिठाई भी बांट दी. लेकिन जब वह ज्वाइनिंग लैटर लेकर कार्यालय पहुंचा तो वहां पता चला कि उसके पास जो ज्वाइनिंग लैटर है वह फर्जी है.
पीड़ित ने पूरी जानकारी करने के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए. डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि एक आरोपी मनोज निवासी मोहनपुरा को अरेस्ट किया गया हे. उसके पास से फर्जी प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी, दो मोबाइल और 1500 रुपये मिले हैं. पुलिस इसके दो साथी रामवीर सिंह और अमित सिंह उर्फ दानिश की तलाश में है. आरोपी मनोज का भाई जिनेंद्र है जिसने सेना में नौक्री लगवाने के नाम पर ठगी की थी. वह जेल में बंद है.