आगरालीक्स…आगरा में जेल में बंद 9 कैदियों ने पास की यूपी बोर्ड परीक्षा. 4 कैदी दसवीं में फर्स्ट क्लास से पास. अभिषेक बच्चन की ‘दसवीं’ से प्रेरित होकर कैदियों ने शुरू की थी पढ़ाई
एक साल पहले अभिषेक बच्चन की फिल्म ‘दसवीं’ की शूटिंग आगरा में हुई थी. फिल्म का अधिकतर हिस्सा आगरा की सेंट्रल जेल में फिल्माया गया था. फिल्म का सार था एक ‘दसवीं’ की परीक्षा को पास करना. अभिषेक की इसी फिल्म से प्रेरित होकर आगरा के सेंट्रल जेल में निरुद्ध कैदियों ने पढ़ाई शुरू की. यूपी बोर्ड से चार कैदियों ने हाईस्कूल की परीक्षा दी तो वहीं 5 कैदियों ने इंटरमीडिएट की परीक्षा. कल यानी मंगलवार को जब रिजल्ट जारी हुआ तो सेंट्रल जेल से परीक्षा देने वाले ये सभी 9 कैदी पास हुए हैं.

हाईस्कूल की परीक्षा देने वाले चारों कैदियों ने प्रथम श्रेणी से परीक्षा उत्तीण की है तो वहीं इंटर में 4 ने सेंकेंड डिवीजन पाई है तो एक ने थर्ड डिवीजन अंक प्राप्त किए. जेल प्रशासन ने इन सभी कैदियों के पास होने पर इनको मुबारकबाद भी दी.
जिला जेल में बंद सुमित कुमार निवासी एत्माद्दौला ने हाईस्कूल में 67.66 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं
सेंट्रल जेल में बंद वीरू निवासी गांव ककरऊ थाना उत्तर फिरोजाबाद ने हाईस्कूल में 67 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं
सेंट्रल जेल में ही बंद जितेंद्र निवासी हसनपुर थाना मटसैना फिरोजाबाद ने 63.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं
जिला जेल में बंद सूरज निवासी सिकंदरा ने 62.33 प्रतिशत अंक हाईस्कूल में प्राप्त किए हैं.