आगरालीक्स…आगरा नगर निगम के 100 वार्डों में 14.67 लाख वोटर्स. 9.23 लाख लोगों ने वोट नहीं डाला. 4 ऐसे बड़े कारण जिससे अपना वोट नहीं डाल पाए लोग
आगरा नगर निगम के 100 वार्डों में आज मतदान हुआ. 10 मेयर प्रत्याशी और 512 पार्षद प्रत्याशियों के लिए आज वोटिंग हुई. सुबह के समय जो उत्साह वोटरों में मतदान को लेकर दिखाई दिया वो दिन निकलने के साथ ही ठंडा पड़ता गया. यही कारण है कि आगरा नगर निगम में केवल 37.07 प्रतिशत ही मतदान हुआ है. बात अगर कुल वोटर्स की हो तो आगरा के सौ वार्डों में कुल 14 लाख 67 हजार 794 मतदाता हैं लेकिन इनमें से सिर्फ 5 लाख 44 हजार 111 लोग ही वोट डाल सके. इस हिसाब से देखा जाए तो कुल 9 लाख 23 हजार 683 लोगों ने अपना वोट नहीं डाला.

आगरा नगर निगम में जानिए कितने बजे कितने लोगों ने डाला वोट
सुबह 9 बजे 165861 लोगों ने वोट डाल दिया था
11 बजे तक 236168 लोग वोट डालने पहुंचे
दोपहर 1 बजे तक 369884 लोग वोट डाल चुके थे
दोपहर 3 बजे तक 436082 लोगों ने वोट डाला
शाम 5 बजे तक 505655 लोगों ने वोट डाला
मतदान समाप्ति तक कुल 544111 लोगों ने अपना वोट डाला
4 बड़े कारण जिससे नहीं कम रहा वोटिंग प्रतिशत
आगरा नगर निगम के मतदान में आज कुल 37.07 प्रतिशत मतदान हुआ है. यह मतदान प्रतिशत काफी कम है, लेकिन लोगों की मानें तो इस मतदान प्रतिशत के कम होने के 4 ऐसे बड़े कारण हैं जिससे लोग अपना वोट नहीं डाल पाए.
पहला कारण — वोटिंग लिस्ट से नाम गायब
आगरा में कम वोटिंग प्रतिशत का सबसे बड़ा कारण रहा वोटिंग लिस्ट में नाम न होना. आगरा के कई वार्डों से ये समस्या सामने आई. जिसमें लोगों का कहना था कि उनका नाम वोटर लिस्ट में ही नहीं मिला. आधार कार्ड लेकर जब वो वोट डालने पहुंचे तो उनका नाम न होने के कारण वह वापस लौट आए. यह समस्या शहर के लगभग सभी वार्डों में दिखाई दी है. कई जगह तो परिवार के आधे सदस्यों, कॉलोनी के आधे लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब मिले.
दूसरा कारण — वार्ड का बदलाव
आगरा में इस बार नगर निगम के वार्डों की संख्या में बदलाव किया गया था जिसका असर चुनाव में आज देखने को मिला. नए वार्डों की लिस्ट में लोगों का नाम ही नहीं था. कई लोगों का कहना था कि जिस वार्ड में वह वोट डाल सकते हैं उस वार्ड की लिस्ट में उनका नाम नहीं था जबकि दूसरे वार्ड की लिस्ट में उनका नाम मिला.
तीसरा कारण — लोगों तक नहीं पहुंची पर्ची
आगरा में कम प्रतिशत का एक कारण ये भी रहा कि लोगों तक वोटिंग की पर्ची ही नहीं पहुंची जिसके कारण लोग वोट डालने के लिए ही नहीं निकले. सामान्य तौर पर देखा जाता है कि मतदान से दो दिन पहले ही लोगों के पास वोटिंग की स्लिप पहुंच जाती है लेकिन आज मतदान तक कई कॉलोनियों में वोटिंग स्लिप ही नहीं पहुंची.
चौथा कारण — मोबाइल और सामान जमा करने की व्यवस्था न होना
आगरा में वोटिंग कम होने का एक कारण यह भी सामने आया है. एक मतदाता का कहना था कि वह मोबाइल लेकर केंद्र पर वोट डालने के लिए गया था लेकिन वहां मोबाइल को ले जाने से मना कर दिया. केंद्र पर मोबाइल जमा करने की कोई व्यवस्था न हो पाने के कारण वह बिना वोट डाले ही वापस लौट आए.