आगरालीक्स…आगरा में कारोबारी से मांगी 50 हजार रुपये महीने की रंगदारी. आरोप—अब तक लाखों रुपये वसूल चुका है आरोपी. देता है ये धमकी
आगरा में एक ट्रांसपोर्टर ने एक व्यक्ति पर रंगदारी मामले के आरोप में थाना रकाबगंज में मुकदमा दर्ज कराया है. कारोबारी का कहना है कि आरोपी खुद को एक बड़े संगठन का पदाधिकारी बताता है और धमकी देकर 50 हजार रुपये महीने की रंगदारी मांग रहा है. अब तक लाखों रुपये ले चुका है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है.

ये है मामला
ट्रांस यमुना कॉलोनी में अम्बरीश कुमार रहते हैं. इनकी छीपीटोला में कृष्णा गुड्स् कैरियर एवं ट्रांसपोर्ट कमीशन नाम से कंपनी है. अम्बरीश का आरोप है कि राजा की मंडी का रहने वाला राजू अंसारी उससे 50 हजार रुपये की रंगदारी मांग रहा है. वह आपराधिक इतिहास का व्यक्ति है और आए दिन जीएसटी विभाग में गलत सूचना देकर उनकी गाड़ियां पकड़वाता है. वह फर्जी मामलों में फंसाने की धमकी देता है और अब तक ढाई लाख रुपये वसूल कर चुका है. पीड़ित कारोबारी ने बताया कि राजू अंसारी खुद को भीम आर्मी में पदाधिकारी बताता है.
कारोबारी ने बताया कि आरोपी के कारण उसका काफी नुकसान हो चुका है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कार्रवाई की जा रही है.