आगरालीक्स…एटीएस के छापे में 74 रोहिंग्या मुसलमान अरेस्ट. मथुरा में 31 तो अलीगढ़ में 17 पकड़े. छह जिलों में एक्शन…ऐसे रह रहे थे….
यूपी एटीएस ने आगरा मंडल सहित यूपी के 6 जिलों से छापा मार कार्रवाई करते हुए 74 रोहिंग्या मुसलमानों को अरेस्ट किया है. ये सभी अवैध रूप से बांग्लादेश से बॉर्डर क्रॉस कर भारत आए थे और यहां पर झुग्गी झोपड़ियां बनाकर रह रहे थे. एटीएस ने मथुरा में सबसे ज्यादा 31 रोहिंग्या मुसलमान अरेस्ट किए हैं तो वहीं अलीगढ़ से 17 पकड़े गए हैं.
यूपी एटीएस ने रविवार रात को गाजियाबाद, मथुरा, अलीगढ़ सहित 6 जिलों में छापामार कार्रवाई की और रात को ही 74 रोहिंग्या मुसलमान पकड़े. इनमें महिला और बच्चे भी शामिल हैं. मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र के अलहपुर और कोटा गांव के बीच बड़ी संख्या में रोहिंग्या रहते हुए मिले. एटीएस टीम ने मथुरा पुलिस के साथ टीम बनाई और आगरा दिल्ली नेशनल हाइवे पर अलहपुर गांव के सामने की तरफ बनी झुग्गी झोंपड़ियों में पहुंची और छानबीन की.

रात करीब दो बजे पहुंची टीम ने सभी के कागज चेक किए. 8 घंटे तक चली कार्रवाई में 29 पुरुष और दो महिलाओं को मथुरा से अरेस्ट किया गया. टीम सभी को बसों में लेकर चली गई. वहीं हापुड़ के धौलाना से 16 रोहिंग्या मुसलमानों को पकड़ा है. अलीगढ़ से 10 महिलाओं सहित 17 रोहिंग्या अरेस्ट किए गए हैं. यहां कोतवाली थाना क्षेत्र के ऊपरकोट इलाके से ये रोहिंग्या पकड़े गए हैं. 17 रोहिंग्या में 7 पुरुष और 10 महिलाएं हैं. इनके साथ 8 बच्चे भी मिले हैं. जांच के किसी के पास भी लीगल डॉक्युमेंट नहीं मिले हैं. इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.