आगरालीक्स… मथुरा, अलीगढ़ सहित पश्चिमी यूपी की हरियाणा से लगने वाली सीमाएं तत्काल प्रभाव से सील। अलर्ट जारी कर सजगता बरतने के निर्देश।
हरियाणा के बवाल के बाद सजगता
हरियाणा के नुहूं में विहिप की ब्रजमंडल यात्रा के दौरान भड़की हिंसा के बाद यूपी सरकार ने सजगता बरतते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, मुजफ्फर नगर से जुड़ी सीमाओं को तत्काल प्रभाव से सील करने के आदेश किए।
हरियाणा से आने वाले वाहनों की सघन चेकिंग

इसके बाद सीमाओं पर नाकेबंदी कर हरियाणा की ओर से आने वाले वाहनों को सघन चेकिंग के बाद ही प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने दिया जा रहा है। साथ ही किसी तरह की अफवाह पर सख्ती बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मथुरा के कोटवन से आगे हरियाणा की ओर जाने वाले वाहनों को रोका
मथुरा की कोटवन सीमा से आगे किसी भी वाहन को हरियाणा की ओर नहीं जाने दिया जा रहा है। कोसी, बरसाना और गोवर्धन थाना क्षेत्र की सीमाएं हरियाणा के मेवात जिले से जुड़ी हुई हैं। इसी वजह से यह कदम उठाया गया है। एसएसपी शैलेष पांडे स्थिति पर खुद नजर रखे हुए हैं।
अलीगढ़ की टप्पल सीमा पर भी अलर्ट
अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र में भी इसी प्रकार की सजगता बरती जा रही है, यहां से हरियाणा की सीमा पलवल के पास लगती है।