आगरालीक्स…आगरा में हाइवे पर जाम. सिकंदरा चौराहा पर जाम की विकट स्थिति, गुरुद्वारा तक वाहनों की लगी हैं लंबी कतारें…एक्सप्रेस वे बंद होने से बढ़ा हाइवे पर ट्रैफिक
मोटोजीपी बाइक रेस होने के कारण आगरा टू दिल्ली एनएच 19 पर ट्रैफिक बढ़ा है. दिल्ली, नोएडा के लिए जाने वाली बसें सहित सभी गाड़ियां इस समय हाइवे से ही होकर जा रही हैं, ऐसे में वाहनों का ट्रैफिक बढ़ने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है. आज शाम को 7 से 8 बजे के बीच सिकंदरा चौराहे पर भीषण जाम होने की जानकारी मिली है. वाहनों की लंबी लंबी कतारें लगी हुई हैं. गुरुद्वारा चौराहे से लेकर सिकंदरा चौराहे तक कमोवेश जाम लगा हुआ है. वहीं इसी चौराहे से बोदला की ओर जाने वाला मार्ग भी भीषण जाम से जूझ रहा है. यातायात पुलिस मौके पर तैनात है और लगातार जाम को खोलने की कोशिश की जा रही है. हालांकि जाम अधिक होने के कारण इसमें समय लग रहा है.
25 तक एक्सप्रेस वे रहेगा बंद, रूट डायवर्जन जारी
अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री अरूण चंद्र ने अवगत कराया है कि 21 सितंबर से 25 सितंबर तक प्रस्तावित यूपी अन्तर्राष्ट्रीय ट्रेड शो एंव मोटो जीपी रेस 2023 कार्यक्रम के आयोजन के दृष्टिगत गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस के द्वारा रूट डायवर्जन / ट्रैफिक एडवाईजरी के अनुरूप कमिश्नरेट आगरा से यमुना एक्सप्रेसवे पर जाने वाले यात्री बसों एंव हल्के / मध्यम / भारी मालवाहक / कॉमर्शियल वाहनों को प्रतिबन्धित किया गया है। इसके कारण 22 सितंबर से 25 सितंबर तक यमुना एक्प्रेसवे पर जाने वाले यात्री बसों एंव हल्के / मध्यम / भारी मालवाहक / कॉमर्शियल वाहनों को कमिश्नरेट आगरा के कुबेरपुर कट एंव खंदौली कट से एनएच 19 व अन्य वैकल्पिक मार्गो पर डायवर्ट किया जाएगा।
भारत में पहली बार होगी MotoGP रेस
दो पहिया मोटर स्पोर्टिंग रेस MotoGP भारत में अपनी शुरुआत करने जा रही है. ग्रेटर नोएडा में बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में विश्वस्तरीय ड्राइवर एक दूसरे के खिलाफ टक्कर देंगे. मोटर स्पोर्ट रेस फार्मूला वन के जाने के बाद भारत मे ंवापसी कर रही है. इस बाइक रेसिंग का आयोजन 22 से 24 सितंबर तक तीन दिनों के लिए होगा, जहां दुनियाभर के टॉप बाइक रेसर्स नजर आएंगे.
हजारों वाहन चालकों हो रही है परेशानी
यमुना एक्सप्रेस वे बंद होने के कारण हजारों वाहन चालकों को परेशनी का सामना करना पड़ सकता है. यमुना एक्सप्रेस वे से हजारों वाहन रोजाना गुजरते हैं. यह एक्सप्रेस वे रिंग रोड और लखनऊ एक्सप्रेस वे से भी कनेक्ट हैं जिसके कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश से आने वाले वाहन भी अब यमुना एक्सप्रेस वे पर नहीं जा सकेंगे जिससे काफी ज्यादा परेशानी हो रही है.