आगरालीक्स…आगरा में ठेकेदार के अपहरण की साजिश. वीडियो देखे, सीरियल देखा और तब आया दिमाग में किडनैपिंग का आइडिया, अंजाम दे पाते उससे पहले ही हो गया ये काम
कई दिनों से काम न मिलने और कर्जा होने से परेशान युवक ने अपराध का रास्ता आजमाने की कोशिश की लेकिन वह अपराध कर पाता उससे पहले ही पुलिस ने उसे उसके साथियों के साथ अरेस्ट कर लिया. मामला एक ठेकेदार के अपहरण की साजिश करचने का था. इसके लिए युवक ने यूट्यूब पर वीडियो देखे, टीवी पर क्राइम सीरियल देखे जिसके बाद दिमाग में यह आईडिया आया. पुलिस ने पांच युवकों को अरेस्ट किया है.
ये है मामला
पुलिस के अनुसार सिकंदरा कैलाश माड कृष्णा कॉलोनी में सूरज दक्ष रहता है. इसी कॉलोनी में बिल्डिंग ठेकेदार अशोक भी रहते हैं. बताया जाता है कि सूरज लंबे समय से कोई काम नहीं कर रहा था. ऐसे में उसकी आर्थिक स्थिति खराब थी और उसके ऊपर कर्जा भी था. ऐसे में उसने बिल्डिंग ठेकेदार का अपहरण करने की साजिश रची. अकेले वारदात को अंजाम न दे पाने के चलते उसने अपने दोस्त गौरव से संपर्क किया और उसे पूरा प्लान बताया. गौरव तैयार हो गया और उसने अपने तीन और दोस्तों को इसमें शामिल कर लिया.
सूरज और गौरव ने अपने दोस्तों के साथ ठैकेदार की पहले रेकी की. पूरा पता किया कि कब और किस समय ठेकेदार क्या करता है. इसके बाद अपहरण की योजना बनाई. पहले उसने ठेका देने के बहाने मिलने के लिए अपहरण करने की योजना बनाई लेकिन ठेकेदार इनके चंगुल में नहीं आया. इसके बाद फिर अपहरण की योजना बनाई, मगर पुलिस ने उसे पकड़ लिया.
डीसीपी ने बताया कि ठेकेदार अशोक कुमार की कमला नगर के मुगल रोड पर एक साइट चल रही है. बदमाशों ने योजना बनाई थी कि सुबह घर से निकलने के बाद वो व्यापारी का अपहरण कर लेंगे. इसके बाद कार में बैठाकर उस शहर में घूमते रहेंगे. सूरज ठेकेदार की पत्नी के साथ रहेगा. गौरव और उसके साथी उससे फिरौती मांगेंगे और रकम लेकर छोड़ देंगे.
इससे पहले कि ये सभी वारदात को अंजाम दे पाते पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश निर्भय नगर में डकैती की योजना बना रहे हैं. पुलिस ने इनको पकड़ लिया. जब पूछताछ की तो अपहरण की साजिश का खुलासा हुआ.