आगरालीक्स…आगरा के दयालबाग़ एजुकेशनल इंस्टीट्यूट का 42वां दीक्षांत समारोह कल. 4828 स्टूडेंट्स को मिलेगी डिग्री और डिप्लोमा सर्टिफिकेट
दयालबाग़ एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (मानित विश्वविद्यालय) का 42वां दीक्षांत समारोह 20 जनवरी (शनिवार), को दोपहर 2.30 बजे से विश्वविद्यालय परिसर स्थित ‘शिक्षा-स्रोत भवन’ (दीक्षांत सभागार), डीईआई में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष कुल 4828 छात्र- छात्राएँ डीईआई के विभिन्न पाठ्यक्रमों में डिग्री एवं डिप्लोमा के प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे।
इसमें 2829 स्नातक डिग्री, 731 स्नातकोत्तर डिग्री, 64 स्नातकोत्तर डिप्लोमा, 559 डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक, 238 हाईस्कूल तथा 318 इंटरमीडिएट डिग्री छात्र- छात्राओं के बीच वितरित की जाएंगी। इस क्रम में विभिन्न स्तरों एवं परीक्षाओं में विशेष योग्यता प्रदर्शित करने वाले विद्यार्थियों को 01 संस्थापक पदक, 03 अध्यक्ष पदक, 149 निदेशक पदक भी वितरित किए जाएँगे तथा साथ ही साथ 89 शोध उपाधि (पीएचडी) भी प्रदान किए जाएँगे।
इस वर्ष दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली में सचिव के पद पर कार्यरत श्री के. संजय मूर्ति, आईएएस, होंगे और वे इस अवसर पर दीक्षांत भाषण के माध्यम से विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों को संबोधित करेंगे।