आगरालीक्स…आगरा में शादी से वापस लौट रहे युवा डॉक्टर की सड़क हादसे में मौत, पत्नी और डेढ़ साल का बेटा
आगरा के एक युवा डॉक्टर की रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई है. मृतक एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे कागारौल—किरावली रोड पर उनकी कार पेड़ से जा टकराई. अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई. परिजनों में कोहराम मच गया है. मृतक डॉक्टर की पत्नी और डेढ़ साल का बेटा है.
रात 11 बजे लौटते समय पेड़ से टकराई कार
थाना कागारौल के गांव टीकरी से जोगेंद्र सिंह चाहर के दो बेटों की बारात चेंकोरा आई थी. बारात में गांव के मूल निवासी और हाल निवासी जयपुर हाउस आगरा डॉ. बच्चू सिंह चाहर (31 वर्ष) पुत्र लक्ष्मीनारायण शादी में शामिल हुए थे. चेकोंरा से अकेले देर रात 11 बजे के लगभग आगरा लौटते समय डॉ. बच्चू सिंह की कार किरावली-कागारौल मार्ग पर अभुआपुरा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. इसमें फंसने के कारण डॉ. बच्चू चाहर गंभीर रूप से घायल हो गए.
बहन और जीजा ने देखा कार फंसे हुए
रात 12 बजे के लगभग पीछे से बहन श्वेता व जीजा सत्यपाल अपने घर के लिए वापस लौट रहे थे. अचानक श्वेता की नजर पेड़ से टकराई फंसी कार पर पड़ी. श्वेता ने कार का नंबर पहचान लिया. श्वेता ने डायल 112 पुलिस व परिजनों को सूचना दी. श्वेता व सत्यपाल ने गम्भीर रूप से घायल डॉ. बच्चू चाहर को बाहर निकाला इतनी ही देर में मौके पर पुलिस व परिवारीजन पहुंच गये.
परिवारजन ने देखते ही आनन-फानन में अपने वाहन से आगरा स्थित पुष्पांजलि हॉस्पिटल ले गए. गम्भीर रूप से घायल डॉ. बच्चू चाहर ने समय रास्ते में दम तोड़ दिया. परिजनों को सूचना मिलते ही कोहराम मच गया. डॉ बच्चू सिंह चाहर अपने पीछे पत्नी पूजा और डेढ़ वर्षीय बेटे को रोते बिलखते छोड़ गया है.