आगरालीक्स…आगरा में बाइक को डंपर ने मारी टक्कर, पति नहर में गिरा, पत्नी और भाभी डंपर की चपेट में आईं. एक की मौत
आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र में डंपर ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार युवक नहर में जा गिरा तो वहीं बाइक पर बैठी उसकी पत्नी और भाभी डंपर की चपेट में आ गई. हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि दोनों घायल हैं. इधर हादसे के कारण यहां लंबा जाम लग गया. सूचना पर पुलिस और परिजन भी मौके पर पहुंच गई. डंपर चालक डंपर छोड़कर भाग गया है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है.
घटना आज दोपहर एक बजे की है. बमरौली कटारा में अजीत कुमार रहते हैं. आज ये अपनी पत्नी और भाभी को बाइक पर लेकर किरावली किसी गमी में जा रहे थे. ताजगंज के भहेटा बजेरा गांव पर नहर से निकलते समय पीछे से तेज गति से आए एक डंपर ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर लगने से बाइक चला रहे अजीत कुमार उछलकर नहर में जा गिरे जबकि पीछे बैठीं दोनेां महिलाएं डंपर की चपेट में आ गईं. हादसे में 36 साल की मधु की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी महिला सोना देवी घायल है.
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना पर पुलिस भी आ गई. इधर टक्कर मारने के बाद डंपर चालक गाड़ी को छोड़कर मौके से भाग निकला. परिजन भी सूचना पर पहुंच गए. हादसे के बाद यहां जाम लग गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और घायलों को अस्पताल भेजा है.