आगरालीक्स….हार्ट और डायबिटीज के मरीज बन रहे युवा. तेजी से बढ़ रही संख्या. डॉक्टरों ने बताए इसके कारण. मेगा हेल्थ् कैंप में 800 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
लायंस क्लब ऑफ आगरा विशाल द्वारा चले गांव की ओर कार्यक्रम के अंतर्गत हिंदुस्तान इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट एंड कंप्यूटर स्टडीज आगरा मथुरा रोड पर विशाल मधुमेह एवं हृदय रोग जांच शिविर का आयोजन किया गया। डायबिटीज एवं हृदय रोग जांच शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि शारदा यूनिवर्सिटी के प्रो चांसलर वाईके गुप्ता, विशिष्ट अतिथि डॉ नवीन गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। शिविर में ग्रामीण क्षेत्र के 800 से ज्यादा मरीज ने डायबिटीज एवं हृदय रोग की जांच कर निशुल्क परामर्श एवं दवाइयां प्राप्त कीं।
मरीजों को परामर्श देते हुए सीनियर फिजिशियन डॉ. अरविंद जैन ने बताया कि देशभर में 10 करोड़ से ज्यादा लोग मधुमेह से पीड़ित हैं। इसके अलावा प्री डायबिटीज के मरीजों की संख्या लगभग 12 करोड़ है। उन्होंने कहा गांव में भी डायबिटीज रोगियों की संख्या कम नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी की वजह से लोग डायबिटीज के प्रति बेफिक्र रहते हैं लेकिन जब शरीर के अंगों पर इसका प्रभाव दिखाई देता है तब चिकित्सक से परामर्श लेते हैं। उन्होंने कहा संयमित खानपान एवं नियमित एक्सरसाइज और जांच से मधुमेह की गंभीर समस्या से बचा जा सकता है।
पहले 50 और अब 20- 25 वर्ष की उम्र से होने लगता है हृदय रोग का खतरा: डॉ हिमांशु यादव
लायंस क्लब आगरा विशाल के निशुल्क डायबिटीज़ एवं हृदय रोग जांच शिविर में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ हिमांशु यादव ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए बताया कि पहले 50 वर्ष की उम्र तक पहुंचने पर हार्ट अटैक जैसी बीमारियों का खतरा होता था लेकिन अब बदले हुए खानपान एवं असंतुलित दिनचर्या से 20 से 25 वर्ष की आयु में ही हृदय रोग का खतरा शुरू हो जाता है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को जागरुक करते हुए कहा ग्रामीण क्षेत्रों में तंबाकू एवं धूम्रपान की वजह से हृदय रोग की बीमारियों का खतरा कई गुना ज्यादा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में वातावरण और खान-पान भले ही शहरी क्षेत्र की अपेक्षा अच्छा है लेकिन तंबाकू धूम्रपान आदि की वजह से यह खतरा अब ग्रामीण क्षेत्र में भी दिन व दिन बढ़ रहा है।
हृदय रोग एवं डायबिटीज की हुई निशुल्क जांच, मिली दवाइयां
लायंस क्लब ऑफ आगरा विशाल द्वारा आयोजित चिकित्सा शिविर में 800 से ज्यादा मरीजों को विषय विशेषज्ञों ने परामर्श देकर रोगों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। कैंप में 800 से ज्यादा मरीजों की डायबिटीज़ एवं हृदय रोग से संबंधित विभिन्न जांचों के साथ दवाइयां भी उपलब्ध कराई गई।
डायबिटीज से पड़ता है आंखों और दांतों पर असर
निशुल्क चिकित्सा शिविर में सीनियर फिजिशियन डॉ अरविंद जैन ने बताया के मधुमेह की वजह से आंखों और दांतों से संबंधित बीमारियां भी होती हैं। डायबिटीज को नजरअंदाज करना स्वास्थ्य के लिए बेहद घातक हो सकता है। चिकित्सा शिविर में नेत्र परीक्षण और दंत परीक्षण के लिए भी विषय विशेषज्ञ मौजूद रहे।
इन चिकित्सकों ने दी सेवाएं
लायंस क्लब आगरा विशाल द्वारा आयोजित निशुल्क चिकित्सा शिविर में सीनियर फिजिशियन डॉक्टर अरविंद जैन, वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ हिमांशु यादव, डॉ शुभम जैन, सीनियर डेंटल सर्जन डॉ वैभव गर्ग, वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर कौस्तुभ साने जैसे चिकित्सकों के अलावा पैरामेडिकल स्टाफ और फार्मेसी डिपार्मेंट के लोग मौजूद रहे।