आगरालीक्स…30 मई को नहर में एक 32 साल के युवक की डेडबॉडी मिली थी. जिसे सुसाइड समझा जा रहा था वो हत्या निकली और वो भी प्रेम प्रसंग में. चौंकाने वाला खुलासा
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में एक 32 साल के युवक का शव नहर में मिला था. इस घटना को सुसाइड माना जा रहा था लेकिन परिजन किसी भी सूरत में इसे मानने को राजी नहीं थे. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को शव सौंप दिया. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ साजिश कर हत्या करने का मुकदमा दर्ज किया था. पुलिस ने मामले की जांच कर रही थी और घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए गए.
मृतक युवक का नाम कुशलपाल निवासी गांव नगला डंबर था. वह 29 मई को सुबह करीब नौ बजे घर से निकला था लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटा. अगले दिन 30 मई को शाम करीब साढ़े सात बजे उसका शव झालगोपालपुर नहर से बरामद किया गया था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत का कारण पानी में डूबने से आया था. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही सोमेंद्र, उसके बहनोई निर्मल और उसकी मां गुड्डी देवी के खिलाफ साजिश रच हत्या करने का मुकदमा दर्ज किया था.
जांच में सामने आया है कि कुशलपाल की पत्नी के प्रेम संबंध गांव के ही सोमेंद्र के साथ हो गए थे. जिसकी जानकारी कुशलपाल को हो गई थी. उसने कई बार इस बात का विरोध भी किया था. दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी. पुलिस के अनुसार 29 मई को सोमेंद्र कुशलपाल को घर से ले गया था. उसने कहा था कि वह हरिद्वार जा रहा है. उसकी बाइक वापस ले आना. ऐसे में सोमेंद्र ने साजिश रचकर नहर में डूबाकर कुशलपाल की हत्या कर दी.