आगरालीक्स…. आगरा में सेकंड चांस स्टोर खुल रहा है, खुशियां बांटने से बढ़ती है। अनुपयोगी सामान को लोग दान करेंगे, यह सामान उन लोगों की जिंदगी में खुशियां लाएगा जो आर्थिक तंगी के चलते अपने बच्चे और परिवार के लिए सामान नहीं खरीद पाते हैं। ( Second chance ( Thrift ) store soon open in Agra)
आगरा के खंदारी चौराहे पर हनुमान मंदिर के पास 2800 वर्ग फीट में सेकंड चांस स्टोर अगले महीने खुलने जा रहा है। इस स्टोर को रेणुका डंग, डॉ. सारिका श्रीवास्तव और मयूरी मित्तल के सहयोग से खोला जा रहा है। स्टोर में स्थानीय लोग अपने घर के अनुपयोगी सामान को दान करेंगे, बहुत सारे ऐसे लोग भी हैं जिन्होंने कोई सामान, खिलौना, कपड़े खरीदे और उन्हें इस्तेमाल नहीं किया। ये घर में रखे रहते हैं इस तरह के सामान को वे दान कर सकेंगे।
फ्री में नहीं, कुछ पैसे लेकर दिया जाएगा सामान
दान किए गए सामान को सेकंड चांस स्टोर में बिक्री के लिए रखा जाएगा। इसे फ्री में नहीं दिया जाएगा जिससे लोगों के आत्मसत्मान को ठेस ना पहुंचे, मामूली दर पर सामान की बिक्री की जाएगी। यह सामान लोगों के काम आएगा और उन लोगों को भी सहूलियत मिलेगी जिनके घर में सामान रखा रहता है और वे उसे इस्तेमाल नहीं करते हैं।
स्कूलों में चलेगा अभियान
इस तरह के स्टोर विदेशों में काफी हैं अब यह आगरा में शुरू किया जा रहा है। स्टोर में घर के अनुपयोगी सामान को दान करें, इसके लिए स्कूलों में भी अभियान चलाया जाएगा।