आगरालीक्स…आगरा में भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत. लोग परेशान. मटके फोड़े और लगाया जाम
आगरा में भीषण गर्मी के बीच लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है. हाल बेहाल है. पानी को लेकर लोग इतने परेशान हैं कि आज उनके सब्र का बांध टूट गया और वे सड़कों पर बर्तन लेकर उतर आए. दयालबाग के सौरभ निकुंज में महिलाओं ने खाली टंकी रखकर प्रदर्शन किया. स्थानीय लोगो ंका कहना है कि भीषण गर्मी में भी पानी नहीं मिल पा रहा है. जल निगम ने पाइप लाइन डालकर छोड़ दी है. लायर्स कॉलोनी से नगला हवेली के बीच 34 कॉलोनियों को गंगाजल मिलना था लेकिन गंगाजल नहीं मिला.
वहीं खंदौली के नाऊ की सराय में रहने वाले लोगों ने बताया कि नलों में बदबूदार और गंदा पानी आ रहा है. टैंकर वालों ने पानी देना बंद कर दिया है. विधायक से लेकर मंत्री तक हर किसी के सामने समस्या रखी लेकिन स्थायी समाधान नहीं मिला. इससे गुस्साई भीड़ ने आगरा जलेसर मार्ग पर जाम लगा दिया. लोगों ने मटके फोड़कर प्रदर्शन किया. जाम और प्रदर्शन की सूचना पर थाना खंदौली पुलिस पहुंची. उच्चाधिकारियों के आने और समस्या के समाधान होने के आश्वासन के बाद ही लोग सड़क से हटने के लिए तैयार हुए.