आगरालीक्स…आगरा की बड़ी खबर. क्रिकेट सट्टे का सबसे बड़ा बुकी अंकुश मंगल ने कोर्ट में किया गुपचुप समर्पण. पुलिस को भनक तक नहीं लगी
आगरा से बड़ी खबर सामने आई है. क्रिकेट सट्टे के सबसे बड़े बुकी अंकुश मंगल ने गैंगस्टर मुकदमे में देा दिन पहले कोर्ट में गुपचुप समर्पण कर दिया है. उसके खिलाफ सितंबर 2023 में थाना कमला नगर में गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा लिखा गया था. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देती लेकिन पुलिस को भनक लगे बिना अंकुश ने गुपचुप रूप से समर्पण कर दिया है. विवेचक उसके बयान लेने जेल जाएंगे.
अंकुश सहित सात पर लगी थी गैंगस्टर
कमला नगर पुलिस द्वारा क्रिकेट के मैचों में बड़े स्तर पर बुक खोलकर सट्टा लगवाने वाले रैकेट के सरगना ब्रज धाम, कर्मयोगी कमला नगर की निवासी अंकुश मंगल के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी. बुकी अंकुश मंगल के साथ रैकेट में शामिल वुरण अग्रवाल जगदीशपुरा, सोनू अग्रवाल, अंकित गर्ग निवासी महंत कॉलोनी जगनेर, रिंकू सिंघल और अरुण शर्मा निवासी फतेहपुर सीकरी के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी. इनमें तीन आरोपियों ने पूर्व में कोर्ट में समर्पण किया था. दो आरोपियों को अभी कोर्ट से राहत मिली हुई है. उनकी गिरफ्तारी पर रोक है.
जून 2022 में किया गया था अरेस्ट
मूल रूप से जगनेर का रहने वाला बुकी अंकुश मंगल 2007 में आगरा आ गया था. आगरा में क्रिकेट सट्टे की बुक चलाने लगा. पुलिस की सख्ती और पत्नी का इलाज कराने के लिए दिल्ली चला गया था. वहां एक फ्लैट लेकर क्रिकेट की बुक चला रहा था. चंद सालों में ही उसने क्रिकेट सट्टे और जुए से अकूत संपत्ति अर्जित की. पुलिस उसके खिलाफ पूर्व में गैंगस्टर एक्ट में संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई भी कर चुकी है. आगरा में पुलिस की सख्ती देख वह फरीदाबाद चला गया था और वहां अपना ठिकाना बना लिया. जून 2022 में आगरा पुलिस ने उसे फरीदाबाद से अरेस्ट कर जेल भेजा था. जेल से रिहाई के बाद वह आगरा से बाहर चला गया लेकिन उसे गुर्गे आगरा में ही रहकर सट्टे का काम कर रहे थे.