आगरालीक्स…आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए विजय सामा. जूतों पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने की मांग..
आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विजय सामा का 21 किलो की पुष्प माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। हींग की मंडी स्थिति फैडरेशन कार्यालय में पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि फैडरेशन के अध्यक्ष गगन दास रामानी ने 11 जुलाई को त्याग पत्र दिया था। जिसके उपरान्त चांद दीवान व टेकचंद को चुनाव अधिकारी नियुक्त कर चुनाव प्रक्रिया की घोषणा कर दी गई। 15 दिन तक कोई अन्य प्रत्याशी न आने की स्थिति में 26 जुलाई को फैडरेशन के सभागार में चुनाव अधिकारी चांद दीवान व टेक चंद ने विजय सामा को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया।
विजय सामा ने पूर्व अध्यक्ष गगनदास रामानी सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। अनिल लाल, घनश्यामदास रोहरा, दिलीप खुबचंदानी, नरेन्द्र कश्यप, रमेश मुंजाल, प्रमोद कुमार गुप्ता, अजय महाजन, शोभाराम पुरसनानी, तिलक राज महाजन, गोवर्धन सोनेजा, हरीश बनजानी, सुनील विज, राजेश, चंचल पारवानी, परमानन्द ने विजय सामा का 21 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष विजय सामा ने सभी का आभार प्रकट करते हुए सरकार से जूतों पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने की मांग की। साथ ही एक अगस्त से क्यूसीओ (क्वालिटी कंट्रोल ऑडिट) लगाने का विरोध किया। ऐसा करने से आगरा शहर के छोटे-छोटे कारीगरों के ऊपर रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा। आगरा शहर के लगभग 10 लाख लोग प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से जूता उद्योग पर निर्भर हैं।
विजय सामा द्वारा एक सलाहकार समिति का भी गठन किया जो भविष्य में फैडरेशन के हित में नई कार्यकारिणी का प्रारूप व अन्य महत्वपूर्ण विषयों में फैसला ले सकेगा। कार्यकारिणी सदस्यों में अनिल लाल, घनश्याम दास रोहरा, प्रमोद कुमार, चांद दीवान, दिलीप खुबचंदानी, टेकचंद, शोभाराम पुरसनानी, तिलकराज महाजन, अजय महाजन, सुनील विज, गोवर्धनदास सोनेजा, नरेन्द्र कश्यप शामिल रहे।
विजय सामा को अपना समर्थन देते हुए तिलक राज महाजन, अनिल लाल, जोगेन्द्र लूथरा, रामनाथ डंग, चंद्रमोहन सचदेवा, अनिल मगन, शोभाराम पुरसनानी ने स्व. राजकुमार सामा के संकल्पों व मार्ग पर चलने का आशीर्वाद दिया।