अगरालीक्स…आगरा के इनर रिंग रोड पर किसानों का धरना. महिलाओं ने रोड पर लेटकर लगा दिया जाम. पुलिस भी मौके पर…किसान कर रहे हैं ये मांग
आगरा के इनर रिंग पर पर इस समय किसानों का धरना चल रहा है. रहनकलां व रायपुर मौजा के प्रभावित किसान ट्रैक्टर ट्रॉली से इनर रिंग रोड के सहारे सर्विस रोड पर धरने पर बैठे हैं. महिलाओं ने आज सड़क के बीचों बीच लेटकर रोड को जाम कर दिया. इसकी वजह से यहां वाहन फंसे हुए हैं, वहीं पुलिस भी उन्हें समझाने में जुटी हुई है. पहले तो एक लेन को ही रोका गया था लेकिन एडीए और प्रशासनिक अधिकारियों के सोमवार दोपहर तक भी नहीं पहुंचने पर दूसरी लाइन पर भी डेरा डाल दिया है.
रात भी टैंट की रजाई में काटी
पंद्रह वर्ष पूर्व भूअधिग्रहण के नाम पर छीनी गई अपनी जमीन की वापसी के लिए रहनकलां और रायपुर मौजा के प्रभावित सैकड़ों किसानों ने एक बार फिर इनर रिंग रोड पर बीवी-बच्चों संग लट्ठ लेकर डेरा डाल दिया है. अधिकारियों ने कल दिनभर उनको मनाने के प्रयास किए लेकिन जमीन के लिए जंग छेड़ने वाले किसान परिवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता कराने की मांग को लेकर अड़े हुए हैं. बीती रात साढ़े नौ बजे ठोस निर्णय लेकर 11 बजे आने की कहकर गए अधिकारी फिर रातभर लौटकर नहीं आए. किसान उनका इंतजार करते रहे. इसके बाद किराए पर लाईं गईं टेंट की रजाइयों में पूस की ठिठुरन भरी रात सभी महिला पुरुष आंदोलनकारियों ने काटी.
ये है मामला
आगरा विकास प्राधिकरण की ओर से 14 साल पहले रायपुर व रहनकलां मौजा के 12 से अधिक गांवों की 444 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की गई थी, जिसमें 5000 किसान प्रभावित हुए थे. किसानों का कहना है कि उन्हें आज तक इसका मुआवजा नहीं किदया गया है. राजस्व अभिलेखों से उनके नाम भी काट दिए गए हैं. अब वह अपनी अधिग्रहित जमीनों को वापस मांग रहे हैं.