आगरालीक्स…आगरा में इनर रिंग रोड पर बिना टोल दिए निकल गईं सांसद के बेटे की बारात. गनर ने निकलवाईं 29 कार और एक बस. जानिए सांसद ने क्या कहा
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से आई बारात में शामिल लग्जरी कारों के काफिले को एक माननीय की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा बीती रात रहनकलां टोल प्लाजा पर दबंगई दिखाकर टैक्स फ्री निकलवाने पर जमकर हंगामा हुआ। घटना के संबंध में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। तहरीर में नामजद पुलिसकर्मी इटावा के सपा सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे की सुरक्षा में तैनात बताए गए हैं।
घटनाक्रम मंगलवार की रात साढ़े आठ बजे का है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से 30-35 लक्जरी कार और बसों का काफिला इनर रिंग रोड से होकर यमुना एक्सप्रेस-वे के कुबेरपुर इंटरचेंज कट की ओर जा रहा था। रहनकलां टोल प्लाजा की 16 नंबर लाइन के सामने रुकने पर दो पुलिसकर्मी उतरे और बूथ पर आकर खुद को इटावा के माननीय सांसद का गनर बताते हुए कहा कि उनके बेटे की बारात है, सभी गाड़ियों को निकाल दो। बूथ कर्मचारियों ने मना किया तो गनरों ने टोल प्रबंधक का मोबाइल नंबर लेकर बात की। उन्होंने भी प्राइवेट वाहन होने पर बिना टोल टैक्स दिए निकालने में असमर्थता जता दी। आरोप है कि इसके बाद पुलिस कर्मियों ने दबंगई दिखाते हुए अभद्रतापूर्ण व्यवहार किया और बूम को उठाकर टोल फ्री कर सभी गाड़ियों को निकलवा दिया। इस दौरान टोल पर काफी देर तक हंगामा हुआ।
टोल के एकाउंट प्रबंधक नारायण सिंह यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि बीती इटावा के सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे की सुरक्षा में तैनात गनर शिव कुमार और रंजीत कुमार ने टोल शुल्क दिए बगैर 30 से 35 गाड़ियां जबरन निकाली हैं। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्डिंग है। बीती रात हुई इस घटना से जुड़े सीसीटीवी के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित हो रहे हैं। मामला राजनीति से जुड़ा होने पर पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद भी अभी मुकदमा पंजीकृत नहीं किया है।
इस संबंध में सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे का कहनाह ै कि मेरे बेटे की बारात आगरा आई थी। सभी गाड़ियों पर फास्टैग स्टीकर (कार्ड) लगा हुआ था। सभी वाहनों का टोल शुल्क भी कटा है। टोल कर्मचारियों ने वीआइपी लेन खुलवा कर गाड़ियां निकलवाईं थीं। कोई जबरदस्ती वाली बात नहीं हुई है।