आगरालीक्स…आगरा के रामलाल वृद्धाश्रम में अनोखी शादी. 66 साल के मुन्नालाल और 57 साल की प्रीतिलता बने दूल्हा—दुल्हन. एक दूसरे को पहनाई जयमाला
आगरा के रामलाल वृद्धाश्रम में गुरुवार को अनोखा नजारा था. यहां एक अनोखी शादी हुई है. यहां निवास कर रहे 66 साल के मुन्नालाल और 57 साल की प्रीतिलता अब एक दूसरे के हमसफर बन गए हैं. मुन्नालाल दूल्हा बने तो प्रीतिलता दुल्हन बनीं. बारात भी निकली और धूमधाम के साथ रामलाल वृद्धाश्रम में ही दोनों की शादी हुई. दोनों एक दूसरे को वरमाला पहनाई.

पहली बार हुई ऐसी शादी
आगरा के यमुना किनारे स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में बुुजुर्ग अपनी दुखभरी दास्तां लेकर आते हैं. इस समय यहां 307 बुजुर्ग हैं जिनमें 166 पुरुष हैं तो वहीं 141 महिलाएं. लेकिन गुरुवार को यहां का नजारा बहुत अलग था. आश्रम के मुख्य गेट पर फूलों की माला थी. ढोल बज रहे थे और मंगल गीत गाये जा रहे थे. शेरवानी पहनकर मुन्नालाल घोड़ी चढ़े और धूमधाम के साथ बारात लेकर यहां पहुंचे. वहीं प्रीतिलता भी लाल जोड़े में अपने वर के आने की प्रतीक्षा में थीं.
एक दूसरे के हुए मुन्नालाल और प्रीतिलता
बारात आने के बाद दूल्हा—दुल्हन को स्टेज पर लाया गया और यहां दोनों ने एक दूसरे को माला पहनाई. शादी की रस्में की गईं. दोनों ने पिछली जिंदगी का दुख दर्द भुलाकर नई जिंदगी की राह पकड़ी.
जानिए मुन्नालाल और प्रीतिलता के बारे में
मुन्नालाल जालौन के रहने वाले हैं और वे यहां अपनी 90 साल की मां कंचा देवी के साथ पिछले एक साल से रह रहे हैं. मां के अलावा इनका परिवार को कोई नहीं है. जिस घर में रहते थे, वह चाचा—ताऊ ने घेर लिया. अब वे यहां रहकर अपनी और मां की देखभाल कर रहे थे.
वहीं प्रीतिलता बुलंदशहर की रहने वाली हैं. बीमारी से इनके पहले पति की मौत हो गई. बाद में दो बच्चियों की भी मौत् हो गई.इनका खानदारी घर में चाचा ने कब्जा कर लिया जिसके बाद वो किसी तरह एक महीने पहले ही यहां पहुंची और तब से यहीं रह रही हैं.
दोनों ने यहां एक दूसरे का दर्द समझा और आपस में बांटा. इसी बीच मुन्नालाल ने प्रीतिलता के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया. प्रीतिलता ने भी इसे स्वीकार कर लिया. मां की अनुमति के बाद मुन्नालाल ने आश्रम प्रबंधन से बात की और कानूनी सलाल लेने के बाद दोनों को शादी की हरी झंडी मिल गई.