आगरालीक्स…आगरा में पांच साल के बच्चा किडनैप. पुलिस ने चार घंटे में पकड़ा किडनैपर, बचचे को कराया मुक्त
आगरा के दयालबाग में रहने वाले आटो चालक के 5 साल के बेटे को किडनैप कर लिया गया. किडनैप करने वाला आटो चालक का एक पुराना परिचित था जो कि कई दिनों बाद उससे मिलने के लिए आया था और उसके बेटे को किडनैप कर ले गया. सूचना पर पुलिस ने सीसीटीवी व परिजनों से मिली जानकारी पर महज चार घंटे में बच्चे को बरामद कर लिया और आरोपी को अरेस्ट कर लिया है.
जानिए क्या है मामला
थाना पुलिस ने बताया कि दयालबाग के बसेरा एंक्लेव में रहने वाले आटो चालक महेश शर्मा ने सूचना दी कि उनका 5 साल का बेटा दोपहर से लापता है. महेश शर्मा ने बताया कि उनका एक पुराना दोस्त पंछी बाबू घर मिलने के लिए आया था. वही उसके बच्चे को ले गया हे. इस पर पुलिस ने सीसीटीवी आदि से पड़ताल की तो पंछी करीब एक बजकर 10 मिनट पर जाता हुआ दिखाई दिया. पुलिस ने चार घंटे के बाद खासपुरा से उसे अरेस्ट कर लिया और बच्चे को बरामद कर लिया.
10 रुपये का दिया लालच
पकड़े गए आरोपी ने बताया कि दोपहर में उसने बच्चे को 10 रुपये दिए तो वो रुपये बच्चे ने नहीं लिए. इसके बाद उसने बच्चे को दोबारा 10 का नोट दिखाया और नोट के लालच में फंसाकर बच्चे को अपने साथ ले गया. हालांकि आरोपी ने अपहरण का कोई कारण नहीं बताया है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आटो भी बरामद किया है.