आगरालीक्स… Agra News : आगरा के नामचीन डॉक्टर को कार से किडनैप करने के प्रयास में पड़ोस में रह रहे डॉक्टर सहित दो को आजीवन कारावास। ( Agra News : Life Imprisonment in Dr. Rakesh Mohaniya attempt to kidnap case#Agra)
आगरा के सदर बाजार में डॉ. राकेश मोहनिया का ईश्वरी देवी हॉस्पिटल है और एक कोल्ड स्टोर भी है। डॉ. राकेश मोहनिया ने तीन दिसंबर 2005 को मुकदमा दर्ज कराया था इसमें आरोप लगाए थे कि उनके पड़ोस में होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. राजेंद्र सिंह का क्लीनिक है। कोल्ड स्टोर में आलू रखने के लिए डॉ. राजेंद्र सिंह ने दो लाख रुपये एडवांस लिए थे और 1.50 लाख रुपये अपने परिचितों को दिलवाए थे। लेकिन उनके कोल्ड स्टोर में आलू नहीं रखे।
गांव की बोलकर कार में बिठाया और किडनैप करने का प्रयास किया
डॉ. राकेश मोहनिया ने आरोप लगाए थे कि तीन दिसंबर 2005 को डॉ. राजेंद्र सिंह उनके हॉस्पिटल में आया और अपने गांव से 3.50 लाख रुपये दिलवाने के लिए कहा, डॉ. राकेश मोहनिया उसकी कार में बैठ गए। चमरोली मोड पर दो युवक कार में डॉ. राजेंद्र सिंह ने बिठा लिए। शमसाबाद के राजाखेड़ा मोड़ पर शौच के बहाने से गाड़ी रोकी और कहा कि पहिए में हवा कम है और डॉ. राकेश मोहनिया को पीछे की सीट पर बिठा दिया। पीछे की सीट पर बैठे दोनों युवकों ने मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, मारपीट की, पत्नी को फोन कर किडनैप होने की बात कहते हुए रुपयों का इंतजाम करने के लिए कहा। इस दौरान डॉ. राकेश मोहनिया के पैर कार के गेट पर लगने से गेट खुल गया और पैर बाहर निकल आए। बाइक सवार राहगीरों ने कार को रुकवा दिया, डॉ. मोहनिया को मुक्त कराया। इस मामले में 20 साल बाद फिरौती के लिए अपहरण करने पर डॉ. राजेंद्र सिंह और साधू यादव उर्फ शादी लाल को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास और 20 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।