आगरालीक्स.. आगरा में सीवर लाइन कनेक्ट करते समय जहरीली गैस से एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर, मैनहोल से दोनों को बस्ती के लोगों ने बाहर निकाला, उन्हें एसएन तक लेकर पहुंचे लेकिन तब तक एक की मौत हो चुकी थी।
आगरा के सदर के देवरी रोड पर सोमवार को जल निगम का ठेकेदार मोहन सीवर लाइन को चैंबर से कनेक्ट कराने का काम करा रहा था। यह काम एत्माउददौला के प्रकाश नगर निवासी आसिफ और फीरोजाबाद निवासी भोले कर रहे थे। इसी दौरान आसिफ के हाथ से हथौडा मैनहोल में गिर गया, वह उसे निकालने के लिए अंदर घुसा, जहरीली गैस से वह बेहोश हो गया, उसे बचाने के लिए भोले भी मैनहोल में उतर गया लेकिन वह भी बेहोश हो गया। इसे देख स्थानीय लोग आ गए।
स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से निकाला बाहर
स्थानीय लोग एक बडी बल्ली ले आए, उसके एक हिस्से पर सरिया बांधी जो मुडी हुई थी और उसे पकडा जा सकता था, इसके बाद एक के बाद एक दोनों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस के लिए फोन किया लेकिन कोई नहीं आया।
मुंह से दी हवा, बाइक से लेकर पहुंचे एसएन
आसिफ और भोले को बाहर निकालने के बाद स्थानीय लोगों ने उनकी नब्ज चेक की, एक युवक ने अपने मुंह से उनके मुंह में हवा दी, जिससे आॅक्सीजन की कमी न हो, उनके सीने को भी दबाया, इस दौरान एंबुलेंस के न आने पर स्थानीय लोग बाइक पर बिठाकर दोनों को एसएन ले आए। लेकिन तब तक आसिफ की मौत हो चुकी थी, भोले का एसएन में इलाज चल रहा है।