आगरालीक्स ….Agra News: आगरा में आज स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन के विकल्प अपनाकर खुशहाल परिवार दिवस मनाया जाएगा। ( Agra News: Khushhal Day celebrate in Agra#Agra )
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस में लक्ष्य दंपत्ति को परिवार नियोजन की सेवा एवं परामर्श दिया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य केन्द्रों पर आने वाले लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न अस्थाई साधनों को अपनाने के लिये प्रेरित किया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य परिवार नियोजन के स्थाई व अस्थाई साधनों के बारे में शिक्षित करना हैं।
परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस पर ऐसी महिलाएं जिनका प्रसव विगत एक वर्ष में हुआ है और वह उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली (एचआरपी) की श्रेणी में रही हैं, नव विवाहित दम्पति जिनका विवाह विगत एक वर्ष में हुआ हो ,योग्य दंपत्ति जिनके तीन या उससे अधिक बच्चे हों, ऐसे लोगों को परिवार नियोजन के साधन अपनाने के बारे में जागरूक किया जाएगा। परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी ने बताया कि परिवार नियोजन के काउंसलर खुशहाल परिवार दिवस पर आने वाले दम्पति व अन्य लोगों को परिवार नियोजन के साधनों के बारे जानकारी देते हुए उन्हें इसे अपनाने के लिये प्रेरित करेंगे। इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है। खुशहाल परिवार दिवस पर परिवार नियोजन के बास्केट ऑफ च्वॉइस, स्थायी व अस्थायी साधनों की जानकारी, भ्रांतियों को दूर करने, सेवाओं की उपलब्धता ,स्वीकार्यता ,प्रोत्साहन राशि की जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने अपील करते हुए कहां है कि खुशहाल परिवार दिवस पर परिवार नियोजन के साधनों को अपनाकर अपने परिवार को स्वस्थ बनाएं।
खुशहाल परिवार दिवस के मुख्य उद्देश्य हैं—-
- परिवार नियोजन के महत्व को बढ़ावा देना।
- लोगों को परिवार नियोजन के साधनों के बारे में जागरूक करना।
- परिवारों को छोटा और स्वस्थ रखने के लिए प्रोत्साहित करना।
- मातृ और शिशु मृत्यु दर को कम करना।
- परिवारों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना।