आगरालीक्स…Agra News: आगरा के 80 किलोमीटर क्षेत्र में संचालित पारम्परिक मोक्षधाम स्थलों को विद्युत शवदाह गृह में परिवर्तित किया जा रहा है। लकड़ी का इस्तेमाल रोका जाएगा। ( Agra News: Cremation ground change to electric in TTZ#Agra)
आगरा विकास प्राधिकरण व नगर निगम द्वारा विद्युत शवदाह गृह में परिवर्तित किया जा रहा है। फिरोजाबाद में गैस आधारित शवदाह गृह के निर्माण कार्य को जल्द पूरा कर उसका संचालन करने के निर्देश दिए गये। 4 स्थलों पर सीएएक्यूएमएस स्टेशन स्थापित किए जाने हेतु निविदा प्रक्रिया की कार्यवाही की गयी है। आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद में पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति की वसूली की समीक्षा की गयी। आगरा व मथुरा में सबसे ज्यादा देनदारी होने के कारण नियमानुसार आरसी की कार्यवाही कर वसूली करने के निर्देश दिए गये। कोयला डिपो में निर्धारित प्रारूप का लेखा रजिस्टर मैंटेन करने एवं सीसीटीवी कैमरे लगाये जाने को लेकर निर्देश दिए कि कोल डिपो से स्टाॅक व बिक्री के आंकड़े एकत्रित किए जाएं। जिन कोल डिपो द्वारा रजिस्टर मैंटेन नहीं किया जा रहा है उन्हें नोटिस जारी किए जाएं साथ ही सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही की जाए। ईंट भट्ठे बिना जिग-जैग पद्धति के संचालित न हो तथा खतरनाक अपशिष्टों का प्रयोग न किया जाए। यूपी जल निगम द्वारा सीवर व गंगाजल आपूर्ति हेतु पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गयी सड़कों को मानक के अनुरूप रिस्टोरेशन का कार्य कराये जाने के निर्देश दिए।
यमुना किनारे से ट्रांसपोर्ट कंपनियों को स्थानांतरित करने पर हुई चर्चा
यमुना किनारा मार्ग पर स्थापित ट्रांसपोर्ट एजेंसियों को शिफ्टिंग के संबंध में अवगत कराया गया कि वर्तमान यातायात नगर में रिक्त भूखण्डों की दर संशोधन का प्रस्ताव एडीए की आगामी बोर्ड बैठक के माध्यम से प्रस्तुत करने के उपरान्त ही कार्यवाही संभव होगी। आयुक्त महोदय द्वारा नगर निगम और विकास प्राधिकरण को यातायात नगर में मूलभूत सुविधाओं को विकसित करने से जुड़े कार्य करने के निर्देश दिए गये। पीयूसी सेंटर्स से फील्ड में चल रहे वाहनों को मानकों के अनुरूप ही सर्टिफिकेट जारी किए जाएं। जो वाहन मानकों के अनुरूप नहीं हैं, उनकी विभागवार सूची बनाकर सेंटर को लिखित में अवगत कराया जाए ताकि वे उन वाहनों को सर्टिफिकेट जारी न करें। ऐसा न होने पर सेंटर के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाए।