आगरालीक्स…आगरा में हो रहे लबालब यमुना के दर्शन. खतरे के निशान के करीब पहुंची यमुना नदी किनारे बसी आबादी में जारी किया गया अलर्ट…देखें वीडियो
आगरा में इस समय यमुना के सुंदर दर्शन हो रहे हैं. साल में कुछ ही दिनों तक यमुना पूरी तरह से लबालब दिखाई देती है. यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखने के लिए घाटों पर लोगों की भीड़ पहुंच रही है. वहीं प्रशासन भी यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अलर्ट हो गया है. घाटों से सटे गांवों में अलर्ट जारी किया गया है. यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से कुछ ही दूरी पर है. गोकुल बैराज से रविवार शाम सात बजे 75 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने से यमुना में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है. वाटर वर्क्स पर रविवार शाम सात बजे यमुना खतरे के निशान से एक फुट नीचे बह रही थी. न्यूनतम बाढ़ का चेतावनी स्तर 495 फीट है जबकि यमुना का जलस्तर 494.30 फीट था. ऐसे में एहतियातन प्रशासन ने यमुना किनारे बसे 40 गांव में अलर्ट जारी किया है.पहाड़ों पर लगातार बारिश से मथुरा और आगरा में यमुना उफान पर है. दिल्ली स्थित ओखला बैराज से यमुना में 28,091 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट के अनुसार आगरा में वाटर वर्क्स पर पिछले 24 घंटे में यमुना के जलस्तर में 1.8 फीट की वृद्धि दर्ज की गई है. शनिवार शाम सात बजे यमुना का जलस्तर 492.5 फीट था, जो रविवार शाम सात बजे यह 494.30 फीट पहुंच गया.