आगरालीक्स …Agra News: आगरा में रोज रोज बेइज्जत करने के आरोप लगाकर चार दिन से लापता क्लर्क के मामले में स्टेट बैंक के एजीएम पर मुकदमा। पुलिस जांच में जुटी। ( Agra News: SBI senior Clerk goes missing, FIR lodge against AGM#Agra)
आगरा के ताजगंज क्षेत्र के रहने वाले सुरेंद्र पाल सिंह स्टेट बैंक आफ इंडिया की छीपीटोला ब्रांच में हाउसिंग लोन में सीनियर क्लर्क हैं, छह महीने पहले ही मुख्य ब्रांच से उनका यहां तबादला हुआ था। परिवार में पत्नी नित्या, 11 साल का बेटा कारुण्य, छह साल का बेटा रुद्रांश के साथ ही पिता रमेश चंद्र और मां केतकी देवी साथ में रहते हैं। 18 अगस्त की शाम को सुरेंद्र पाल ने अपने भांजे सचिन को फोन कर मधु नगर पर बुलाया और अपनी बाइक और एक लिफाफा देकर यह कहकर चले गए कि थोड़ी देर में घर पहुंच जाएंगे।
लिफाफे में दो पन्नों के पत्र में अधिकारी पर लगाए उत्पीड़न के आरोप
भांजे ने घर जाकर बाइक और लिफाफा दे दिया, लिफाफे को खोलने पर उसमें पत्र निकला, पत्र पढ़ते ही परिजनों के होश उड़ गए, पत्र में सुरेंद्र पाल सिंह ने रीढ की हडडी की परेशानी के कारण बेल्ट लगाने और दवा खाने को स्टेट बैंक के अधिकारी द्वारा सहानुभूति के लिए ऐसा करने और बीमार न होने के बाद भी बीमारी का बहाना करने की बात कहते हुए बेइज्जत करने के आरोप लगाए थे।
पत्नी की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
इस मामले में सुरेंद्र पाल सिंह की पत्नी नित्या की तहरीर पर एजीएम पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को एजीएम अवकाश पर थे। वहीं, सीनियर क्लर्क सुरेंद्र पाल सिंह का भी कोई पता नहीं चला है पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है।