आगरालीक्स…आगरा में ज्वैलरी शॉप में चोरी करने वाले को एनकाउंटर में पुलिस ने पकड़ा. शॉल ओढ़कर आया था चोरी करने ताकि कोई पहचान न पाए. पुलिस ने ऐसे पकड़ा…जानिए क्या है इसका नाम
आगरा के थाना ट्रांस यमुना के सौ फुटा मार्ग पर ज्वैलरी शॉप में चोरी करने वाले बदमाश को पुलिस ने एनकाउंटर में पकड़ लिया है. ये वही बदमाश है जो कि शॉल ओढ़कर चोरी करने के लिए आया था जिससे कि कोई उसे पहचान नहीं पाए. चोर यहां से लाखों की चोरी को अंजाम देकर गया था. पुलिस ने मंगलवार रात को इसे मुठभेड़ में अरेस्ट कर लिया. पुलिस पर इसने फायरिंग भी की लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इसके पैर में गोली लगी जिससे ये घायल हो गया. फिलहाल इसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एसीपी पीयूष कांत राय ने बताया कि 23 अगस्त की रात को सराफ की दुकान में चोरी हुई थी. चोर लाखों के जेवरात ले गया था. एक सीसीटीवी में आरोपी शाल ओढ़कर जाता नजर आया था. उसका चेहरा नजर नहीं आ रहा था. फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच की. क्षेत्र में लगे 20 से 25 कैमरों को देखा. आरोपी एक जगह पर जाता हुआ नजर आ गया. उसकी पहचान होने पर घेराबंदी की गई. आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्यवाही में गोली उसके पैर में लगी. घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस द्वारा उसके पास से एक तमंचा, एक कारतूस, बाइक और चोरी किए जेवरात बरामद किए गए हैं. आरोपी का नाम कटरा वजीर खा निवासी अंकुश है.