आगरालीक्स…आगरा के सेंट मेरी चर्च के वार्षिकोत्सव में हुई विशेष प्रार्थना. माँ मरियम के त्याग और उनके महान आध्यात्मिक योगदान पर डाला प्रकाश
सेंट मेरी चर्च, प्रतापपुरा में आयोजित वार्षिकोत्सव का तीसरे दिन का विशेष प्रार्थना समारोह आज परम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और सामूहिक रूप से ईश्वर से आशीर्वाद प्राप्त किया। आज की आरंभिक प्रार्थना सभा एवं मुख्य पूजा का संचालन श्रद्धेय फादर आसिम ने किया। उन्होंने अपने गहन और प्रेरणादायी प्रवचन में प्रभु यीशु की माता माँ मरियम के त्याग और उनके महान आध्यात्मिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माँ मरियम ने अपने पुत्र को मानव जाति के पापों की क्षमा हेतु समर्पित कर दिया। उनके इस महान त्याग से समस्त विश्वासियों को बल, आशा और आशीष प्राप्त होता है।
पूरी प्रार्थना सभा के दौरान भक्तिमय वातावरण में भजन एवं स्तुति गीतों का गायन हुआ, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालु भावपूर्ण रूप से सम्मिलित हुए। भक्ति, प्रार्थना और स्तुति के इस सामूहिक संगम ने वातावरण को और भी पवित्र एवं मंगलमय बना दिया। इस अवसर पर फादर जोसेफ़ डाबरे, फादर जॉन एवं फादर अजय ने भी प्रार्थना तथा अन्य धार्मिक विधियों का संचालन करते हुए श्रद्धालुओं को आशीष प्रदान किया। श्री.एल्विन सिल्वेरा ने जानकारी दी कि वार्षिकोत्सव के अंतर्गत चौथे दिन की प्रार्थना सभा का आयोजन कल सायं 6:00 बजे श्रद्धेय फादर डॉनी के नेतृत्व में किया जाएगा। इसमें विशेष प्रार्थना एवं नोवेना संपन्न होगी। उन्होंने सभी ईसाई समाज के श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक पर्व में सहभागी बनें तथा प्रभु की असीम कृपा का अनुभव करें।